Political

BMC चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे गुट को झटका, आदित्य ठाकरे की करीबी शीतल शेठ ने दिया इस्तीफा

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों से ठीक पहले शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की उपनेत्री और आदित्य ठाकरे की करीबी मानी जाने वाली शीतल देवरुखकर-शेठ ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, उनके जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

शीतल शेठ लंबे समय से शिवसेना (UBT) की सक्रिय नेता रही हैं और पार्टी की कई पहलों में आदित्य ठाकरे के साथ मिलकर काम कर चुकी हैं। वे युवा सेना से भी जुड़ी रही हैं और मुंबई विश्वविद्यालय के सीनेट चुनाव में जीत दर्ज कर अपनी संगठनात्मक पकड़ साबित कर चुकी हैं।

उनका इस्तीफा ऐसे समय पर आया है जब जनवरी 2026 में होने वाले BMC चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। इस चुनाव में शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के गठबंधन को महायुति (भाजपा–शिंदे गुट–अजित पवार एनसीपी) से कड़ी चुनौती मिल रही है।

पार्टी के भीतर यह इस्तीफा आंतरिक असंतोष का संकेत भी माना जा रहा है। हाल के दिनों में टिकट वितरण को लेकर कई नेताओं और पदाधिकारियों की नाराजगी सामने आ चुकी है, खासकर वर्ली क्षेत्र में, जो आदित्य ठाकरे का विधानसभा क्षेत्र है।

गौरतलब है कि BMC चुनाव मुंबई की राजनीति में बेहद अहम माने जाते हैं। बीते ढाई दशकों तक शिवसेना का यहां दबदबा रहा है, लेकिन 2022 में हुए पार्टी विभाजन के बाद समीकरण बदल गए हैं। शीतल शेठ के इस्तीफे से उद्धव ठाकरे गुट की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *