स्थानीय

दरभंगा : छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

                                               दरभंगा (नासिर हुसैन)। मिथिला विश्वविद्यालय के अंतर्गत डब्ल्यूआईटी में उद्देश्य सी डेक पटना और आर्थिक अपराध यूनिट, बिहार पुलिस के सहयोग से आज छात्राओं में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रोफेसर प्रेम मोहन मिश्रा द्वारा किया गया। बिहार पुलिस दरभंगा से आए विशेष अतिथियों में विशाल कुमार सिंह, नवीन कुमार (इंस्पेक्टर), मनीष कुमार (प्रोग्रैमर), सुनीता कुमारी (कांस्टेबल) एवं दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टार्टअप सेल के सूर्य प्रकाश का स्वागत किया गया। निदेशक प्रो. प्रेम मोहन मिश्रा ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। अतिथियों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के महत्व और इसके प्रति सतर्क रहने के उपायों पर जानकारी दी। साइबर सुरक्षा विषय पर चर्चा करते हुए विशाल कुमार सिंह ने छात्राओं को बताया कि कैसे वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रख सकती हैं और किस प्रकार से वे साइबर हमलों से बच सकती हैं। उन्होंने बताया कि जागरूकता ही सबसे बड़ा उपाय है। छात्राओं को अपनी डिजिटल गतिविधियों के प्रति सजग रहना चाहिए। कार्यक्रम में 115 से अधिक छात्राओं के साथ-साथ सभी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन 7वीं सेमेस्टर की छात्रा मोदर्शा नुसराल, सौम्या ने सूर्य प्रकाश के मार्गदर्शन में किया। सूर्य प्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सभी अतिथियों, छात्राओं, शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  हमें अपने आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। छात्राओं में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में इस आयोजन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके माध्यम से न केवल छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि उन्हें अपने व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपायों के बारे में भी बताया गया। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन भविष्य में भी करता रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *