
दरभंगा। हैदराबाद में सांसद का प्रवासी मैथिलजनों ने किया स्वागत मिथिला की संस्कृति और मैथिली भाषा अब देश के हर कोने में स्थापित हो चुका है। दक्षिण भारत के तेलंगाना प्रदेश में यहां के प्रवासी मैथिलजनों ने जिस तरह की आत्मीयता से स्वागत और सम्मान किया है निश्चित रूप से वह सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
दरभंगा के सांसद, लोकसभा में भाजपा सचेतक, डा गोपाल जी ठाकुर ने हैदराबाद में मिथिला के प्रवासी मैथिलजनों से किए गए स्वागत से अभिभूत होकर उपरोक्त उदगार व्यक्त किया। मिथिला सामाजिक हैदराबाद के तत्वाधान में रविवार को देर रात आयोजित होने वाली कवि कोकिल विद्यापति स्मृति पर्व समारोह में सहभागी होने सांसद डा ठाकुर के सबेरे हैदराबाद पहुंचने पर तेलंगाना के भाजपा नेताओं, मैथिल प्रवासियों ने एयरपोर्ट पर सांसद डा ठाकुर का पाग अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर गर्मजोशी के साथ स्वागत, सम्मान किया। अपने स्वागत से आह्लादित होते हुए कहा आज देश के हर कोने में मिथिला की संस्कृति और मिथिला का संस्कार विद्यमान हो चुका है, हैदराबाद में मिथिलावासियों की ओर से इस तरह का सम्मान होना इसका ज्वलंत उदाहरण है। मौके पर ख्यातिप्राप्त उद्घोषक पंडित कमला कांत झा भाजपा के स्थानीय पूर्व विधायक एनबीएस प्रभाकर स्थानीय समाजसेवी संजय कुमार झा राजकमल विनोद सहित अन्य लोग मौजूद थे।