डेस्क :माननीय उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने लगातार तीसरे दिन अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय कार्यों की विस्तृत और गहन समीक्षा की। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव श्री सीके अनिल सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य में बड़ी संख्या में बढ़ते भूमि विवाद और गलत कागजात तैयार करने वाले माफिया तत्वों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे तत्व आम जनता को न्यायालय तक परेशान करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की शिकायत मिलते ही उच्चस्तरीय टीम बनाकर जांच कराई जाएगी तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हुआ, तो केंद्र सरकार के सहयोग से ऐसे मामलों को रोकने के लिए नया कानून भी बनाया जाएगा।
