
डेस्क : गुजरात के अहमदाबाद शहर में लगे कुछ पोस्टरों ने लोगों को गुस्से से भर दिया है. इन पोस्टरों में महिलाओं को लेकर जो बातें लिखी गई हैं, वो न सिर्फ चौंकाने वाली हैं, बल्कि सीधे-सीधे विक्टिम को ही दोषी ठहराने जैसा लगता है. एक पोस्टर में लिखा था, “देर रात की पार्टी में न जाएं, रेप या गैंगरेप हो सकता है.” ऐसे संदेशों को देखकर लोगों ने तुरंत सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की और प्रशासन को घेरा. दरअसल, ये पोस्टर शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़क सुरक्षा अभियान के नाम पर लगाए गए थे. इनमें से एक पोस्टर पर लिखा गया था, “सुनसान जगहों पर दोस्त के साथ न जाएं, कुछ गलत हो सकता है.”
जब मामले ने तूल पकड़ा, तो अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने सफाई दी कि उन्हें इन संदेशों की जानकारी नहीं थी. पुलिस ने कहा कि सिर्फ सड़क सुरक्षा को लेकर पोस्टर लगाने की इजाजत दी गई थी, न कि महिलाओं पर इस तरह की आपत्तिजनक बातें छापने की. पुलिस ने यह भी कहा कि यह काम एक एनजीओ द्वारा किया गया था और जैसे ही हमें जानकारी मिली, सभी पोस्टर हटवा दिए गए.
