अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग के बालक-बालिका प्रतिभागी होंगे शामिल
दरभंगा, 03 अक्टूबर 2026 :- जिला खेल पदाधिकारी, दरभंगा श्री चंदन कुमार ने बताया गया कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं खेल विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 05 अक्टूबर से किया जाएगा।
जिला खेल पदाधिकारी, दरभंगा श्री चंदन कुमार ने बताया कि 05 अक्टूबर को एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हैंडबॉल, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, कराटे, बॉक्सिंग, वुशू, वॉलीबॉल, कुश्ती एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 06 अक्टूबर को बास्केटबॉल, योग, खो-खो एवं एथलेटिक्स तथा 07 एवं 08 अक्टूबर को कबड्डी, साइकिलिंग, फुटबॉल एवं सेपक टाकरा प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, 23 से 25 अक्टूबर तक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि उक्त प्रतियोगिताओं में *बालक एवं बालिका संवर्ग के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग* के प्रतिभागी भाग लेंगे। सभी चयनित प्रतिभागियों को निर्धारित तिथि एवं पूर्व निर्धारित खेल स्थल पर ससमय रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
जिला खेल पदाधिकारी ने दरभंगा जिले के जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के सभी प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया है कि वे अपने विद्यालय के चयनित प्रतिभागियों की 05 अक्टूबर को पूर्वाह्न 09:00 बजे नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित प्रतिभागियों को *राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर* प्राप्त होगा।


