स्थानीय

दरभंगा : गांधी जयंती पर पत्रकारों ने उठाई हक की आवाज, राष्ट्रीय मांग दिवस पर बुलंद हुईं मांगें

गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर IJU व BWJU के आह्वान पर दरभंगा इकाई ने उठाए पत्रकार हित के मुद्दे

दरभंगा : महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (IJU) एवं बिहार वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन (BWJU) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रीय मांग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय आह्वान के तहत महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह किया गया कि पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष रखें। इस दौरान पत्रकारों ने दरभंगा टॉवर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया।

प्रमुख मांगों में व्यापक मीडिया आयोग का गठन, पत्रकारों के लिए केंद्रीय सुरक्षा कानून, कानूनी सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाना, नया वेतन बोर्ड गठित करना, पत्रकारों को आवास आवंटन,राष्ट्रीय स्तर पर समान पेंशन योजना तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है।

श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के सामने उत्पन्न चुनौतियों को देखते हुए पत्रकारों के पेशागत अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए प्रभावी नीतिगत व्यवस्था आवश्यक है। समाचार संकलन और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने के दौरान पत्रकारों को कई तरह के दबाव एवं जोखिमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय स्तर पर प्रभावी कानून बनाए जाने की आवश्यकता है।
यूनियन के अध्यक्ष अमरेश्वरी चरण सिन्हा ने कहा कि देशभर के पत्रकारों के लिए एक समान पेंशन योजना लागू की जानी चाहिए। इसके तहत पेंशन की शर्तों को लचीला करते हुए कम से कम 25 हजार रुपये प्रतिमाह की निश्चित पेंशन राशि दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में पत्रकारों के लिए पेंशन की व्यवस्था अलग-अलग है। इस असमानता को दूर करने के लिए केंद्र स्तर पर मॉडल गाइडलाइंस तैयार कर पूरे देश में एक समान पेंशन व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

गांधी जयंती के अवसर पर पत्रकारों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, पत्रकारिता और जनसेवा के विचारों को स्मरण करते हुए पत्रकारिता की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से उठाने का संकल्प लिया। महामहिम राष्ट्रपति को सम्बोधित मांग पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा।

इस मौके पर महासचिव शशि मोहन भारद्वाज, पुनीत कुमार सिन्हा, शशि भूषण चौधरी, प्रकाश झा, दीपक कुमार झा, मनोज कुमार, आर्या शंकर, मनोज कुमार झा, राजू सिंह, प्रभास रंजन, संतोष चौधरी, रवि प्रकाश, राकेश कुमार, अभय कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद थे। वही दरभंगा जिला के बेनीपुर, अलीनगर सहित कई प्रखंडों में भी यूनियन के सदस्यों ने एकत्रित होकर मजबूती से मांग को उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *