स्थानीय

दरभंगा : कुलसचिव कार्यालय में योगदान के बाद सीएमबी कॉलेज, घोघरडीहा में प्रो. जीवानंद ने प्रधानाचार्य के रूप में किया कार्यारंभ

प्रो. जीवानन्द पूर्व की तरह ही सूझ-बूझ से कॉलेज के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्व का करेंगे निर्वहन- प्रो. अशोक

दरभंगा : वीएसजे कॉलेज, राजनगर, मधुबनी के प्रभारी प्रधानाचार्य एवं विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो जीवानन्द झा ने आज पूर्वाह्ण में कुलसचिव कार्यालय में योगदान कर अपराह्ण काल में सीएमवी कॉलेज, घोघरडीहा, मधुबनी के प्रधानाचार्य का कार्य प्रारंभ किया। प्रभारी कुलसचिव प्रो अशोक कुमार मेहता ने प्रो जीवानन्द का योगदान स्वीकार करते हुए कहा, ‘इस नए दायित्व की मेरी ओर से इन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं है। जिस तरह ये सफल संस्कृत- शिक्षक, विभागाध्यक्ष तथा एपीएसएम कॉलेज, बरौनी एवं वीएसजी कॉलेज, राजनगर में सफल प्रभारी प्रधानाचार्य रहे हैं, उसी तरह अपनी सूझबूझ से प्रो. झा नियमित प्रधानाचार्य के रूप में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्व का निर्माण करेंगे।’

इस अवसर पर संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम महतो, मैथिली विभागाध्यक्ष प्रो. दमन कुमार झा, संस्कृत- प्राध्यापक डॉ. आरएन चौरसिया, एमएलएसएम कॉलेज के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार झा, एसओ सुरेन्द्र मंडल, सहायक सुधांशु झा, एसआरएफ सदानंद विश्वास एवं मणिपुष्पक घोष, शोधार्थी बालकृष्ण कुमार सिंह, चंदन यादव आदि उपस्थित थे।

प्रो. जीवानन्द झा ने कहा, ‘मैं विश्वविद्यालय के नियम एवं परिणाम के तहत अपनी पूरी क्षमता एवं संवेदनशीलता के साथ नए दायित्व का निर्माण करूंगा। साथ ही कुलपति एवं कुलसचिव ने मेरे ऊपर जो विश्वास किया है, उसे पूरी तरह से बरकरार रखूंगा।’ संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम महतो ने प्रो. जीवानन्द के नए दायित्व पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें पाग- चादर से सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को मिठाइयां भी खिलायी गई।

ज्ञातव्य है कि प्रो झा बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग, पटना की अनुशंसा पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा हेतु प्रधानाचार्य पद पर चयनित हुए थे। विगत कुछ दिन पहले ही कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की देखरेख में लॉटरी के माध्यम से हुए कॉलेज अलॉटमेंट में इन्हें सीएमवी कॉलेज, घोघरडीहा मिला था। प्रधानाचार्य के नए दायित्व लेने से पहले विश्वविद्यालय के आदेशानुसार उन्होंने वीएसजे कॉलेज, राजनगर, मधुबनी का दायित्व डॉ रवीन्द्र नाथ तिवारी को सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *