दरभंगा : पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में दरभंगा निवासी व्यवसायी विक्रम कुमार झा की हत्या के बाद सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता सह ब्राह्मण नेता डॉ. प्रभाकर झा ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
डॉ. झा ने कहा कि जिस प्रकार एक व्यवसायी की हत्या कर दी जाती है और अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, यह कानून-व्यवस्था की विफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि समाज में व्याप्त असुरक्षा का संकेत है।
ब्राह्मण समाज के संदर्भ में बोलते हुए डॉ. झा ने कहा कि आज ब्राह्मण समुदाय को योजनाबद्ध तरीके से सरकारी तंत्र में उपेक्षित किया जा रहा है। समाज के लोगों की समस्याएं ना तो सुनी जाती हैं और ना ही उन्हें न्याय मिल पाता है।
उन्होंने मांग की कि विक्रम झा हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों को शीघ्र सजा मिले। साथ ही उन्होंने ब्राह्मण समाज से एकजुट होने की अपील की ताकि ऐसी घटनाओं के खिलाफ संगठित आवाज उठाई जा सके।
डॉ. झा ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो वे राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। मौके पर स्थानीय लोग और ब्राह्मण समाज के कई सदस्य भी उपस्थित थे।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध चौधरी, विनोदकांत झा, शिवशंकर झा उर्फ राज, हस्नु झा आदि मौजूद थे।