
दरभंगा। रंगों का पावन पर्व होली बुधवार को पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए हैं। होली के अवसर पर पूरे दरभंगा शहर को सुरक्षा के घेरे में तब्दील कर दिया गया है। विभिन्न मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन के सख्त निर्देश पर पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों सहित दंगा नियंत्रण बल, सशस्त्र बल और विशेष सुरक्षा दस्तों को रणनीतिक रूप से प्रतिनियुक्त किया गया है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके। दरभंगा शहर के अलग-अलग कई सड़कों का भ्रमण किया तो उन तमाम सड़कों पर अच्छी संख्या में पुलिस सुरक्षा बल नजर आया मोटरसाइकिल गश्ती दल लगातार शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर रहे हैं। यह दल खासकर संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी रख रहा है। पुलिस की गाड़ियां सायरन के साथ लगातार गश्त कर रही हैं, जिससे असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना हुआ है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा होली के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी , जो भीड़ के बीच रहकर हर गतिविधि पर नजर रखा था। शहर के खास जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही थी। कई जगहों पर ड्रोन कैमरों की मदद से भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।जिससे किसी भी संदिग्ध हरकत की तुरंत जानकारी नियंत्रण कक्ष तक पहुंच सके। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है के वे शांतिपूर्ण सौहार्दपूर्ण के वातावरण में होली का पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या नियंत्रण कक्ष को दें। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आम लोगों में भी विश्वास का माहौल है। नागरिकों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा इस तरह की सख्ती से पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।
कुल मिलाकर, रंगों के इस उत्सव को भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है, ताकि दरभंगा में होली का त्योहार हर्षोल्लास और शांति के साथ संपन्न हो सके