दरभंगा (निशांत झा) : प्रदेश के नव नियुक्त सूचना विज्ञान पदाधिकारी अजय कुमार पाठक के दरभंगा पहुंचने पर बुधवार की देर शाम विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में उनका भव्य अभिनंदन किया गया। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं. कमला कांत झा की अध्यक्षता में आयोजित अभिनंदन समारोह में संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मिथिला के लाल अजय कुमार पाठक का प्रदेश में इस शीर्ष पद पर आसीन होना मिथिला वासी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने मिथिला एवं मैथिली के विकास में उनके पिता प्रो. अमरेश पाठक के योगदानों की चर्चा करते हुए उम्मीद जाहिर की कि सूचना क्रांति के वर्तमान युग में इस पद पर उनके आसीन होने से मिथिला एवं मैथिली के विकास को नई ऊर्जा एवं गति मिलेगी।
वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने वर्तमान समय में सूचना विज्ञान क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए इस क्षेत्र को प्रभावी बनाने में अजय कुमार पाठक के योगदान की चर्चा की। मौके पर उपस्थित पटना स्थित सचिवालय के सूचना पदाधिकारी राजीव कुमार झा ने विभाग के प्रगति में उनकी दूरदर्शी सोच को महत्वपूर्ण बताया। अध्यक्षीय संबोधन में पं. कमल कांत झा ने उनके उपलब्धि पूर्ण कार्यकाल की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। समारोह में डॉ. श्रीपति त्रिपाठी, प्रो. प्रकाश चंद्र मिश्र, विनोद कुमार झा, प्रवीण कुमार झा, डॉ. उदय कांत मिश्र, हरि किशोर चौधरी, आशीष चौधरी, दुर्गानंद झा, प्रो. चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाई आदि ने भी विचार रखे।
