दरभंगा

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जाले में आशा एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को आपातकालीन स्थिति में जनस्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन का प्रशिक्षण

 

शीतलहर से बचाव, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल एवं आपदा पूर्व तैयारी के उपायों की दी गई जानकारी

 

 

दरभंगा, 28 अक्टूबर, 2026:- आपदा प्रबंधन प्रशाखा, दरभंगा, स्वास्थ्य विभाग, दरभंगा, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, रिलायंस फाउंडेशन एवं अदिथि के संयुक्त तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जाले में आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं के लिए *“आपातकालीन स्थिति में जनस्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन”* विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान आगामी शीतलहर से बचाव, आपदा पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान प्रभावी प्रत्युत्तर, पुनर्स्थापन तथा जल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई (WASH) से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक नीतीश सहाय ने स्वच्छता एवं आरोग्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के प्रखंड समन्वयक अशोक पासवान ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

रिलायंस फाउंडेशन के राज्य कार्यक्रम समन्वयक एवं मुख्य प्रशिक्षक सूरज कुमार ने आगामी शीतलहर के मद्देनजर जनस्वास्थ्य की सुरक्षा तथा आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जलजनित रोगों की रोकथाम, स्वच्छता एवं आरोग्य के महत्व को रेखांकित करते हुए हाथ धोने के सभी छह चरणों की जानकारी दी। साथ ही, ब्लीचिंग पाउडर एवं हैलोजन टैबलेट के उचित उपयोग से जल स्रोतों के विसंक्रमण की प्रक्रिया भी समझाई।

 

सह-प्रशिक्षक ज्योति कुमारी ने मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वच्छता प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न समूहों में चर्चा कर जनस्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां भी दीं।

 

कार्यक्रम में अदिथि की ओर से नयन एवं राजीव सहित अन्य संबंधित प्रतिभागी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में जनस्वास्थ्य जोखिमों की पहचान, रोकथाम तथा प्रभावी प्रबंधन के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान करना था, ताकि समुदाय स्तर पर सुरक्षित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी व्यवहार को बढ़ावा दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *