डेस्क: सार्वजनिक कंपनियों की परिसंपत्तियों का मौद्रीकरण करने वाली एजेंसी‘नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड'(एनएलएमसी) ने सरकारी दूरसंचार कंपनियों बीएसएनएल और एमटीएनएल की परिसंपत्तियों के मौद्रीकरण के नए प्रस्तावों पर विचार किया है।
एनएलएमसी के निदेशकमंडल की बुधवार को यहां आयोजित बैठक में अन्य मुद्दों के साथ भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और महानगर टेलीफोन लिमिटेड (एमटीएनएल) की परिसंपत्तियों के मौद्रीकरण और मूल्यांकन प्रस्तावों पर मंथन हुआ। इन संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 1,300 करोड़ रुपये है। निर्धारित सरकारी प्रक्रियाओं के अनुसार इनके मौद्रीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि ये प्रस्ताव उस 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों के अतिरिक्त हैं, जिनका मौद्रीकरण एनएलएमसी ने चालू वित्त वर्ष के दौरान किया है। बैठक में सरकार-से-सरकार (जी2जी) लेन-देन, एनएलएमसी के स्वामित्व वाली संपत्तियों के मौद्रीकरण, हाल ही में आयोजित ई-नीलामी के परिणामों और निगम को संस्थागत रूप से मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और सरकारी संगठनों की संपत्तियों के मौद्रीकरण में मदद करने के अलावा, एनएलएमसी अपनी खुद की परिसंपत्तियों को भी बाजार में ला रहा है।
बोर्ड ने नई दिल्ली और मुंबई में स्थित एनएलएमसी के स्वामित्व वाली 17 आवासीय संपत्तियों की मूल्यांकन रिपोर्ट पर विचार किया। बोडर् को 12 अक्टूबर और 03 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम में राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड की ओर से एनएलएमसी द्वारा आयोजित दो ई-नीलामियों के सफल परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।



