अर्थ

सेबी अल्पांश शेयरधारकों के अधिकारों को गंभीरता से लेता है: चेयरमैन

डेस्क: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि बाजार नियामक अल्पांश शेयरधारकों के हितों को बेहद गंभीरता से लेता है और कंपनी संचालन से जुड़ी चिंताओं को उजागर करने में प्रॉक्सी सलाहकार फर्मों की भूमिका का समर्थन करता है। पांडेय ने कहा कि निवेशकों की सुरक्षा सेबी की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है।

टाटा स्टील और एपीएल अपोलो ट्यूब्स के प्रस्तावित सौदे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रॉक्सी सलाहकार फर्मों को अल्पांश शेयरधारकों से जुड़े मुद्दों को उठाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी चिंताओं पर सार्वजनिक चर्चा और मीडिया की पड़ताल स्वागत योग्य है। पांडेय ने कहा, ”अल्पांश शेयरधारकों का हित हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रॉक्सी सलाहकारों को मुद्दों को सामने लाने का पूरा अधिकार है। वे अल्पांश शेयरधारकों का प्रतिनिधित्व करते हैं और जब वे ऐसी चिंताएं उठाते हैं तो हम उनका समर्थन करते हैं। निवेशकों की सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।”
उनकी यह टिप्पणी सौदे की संरचना, मूल्यांकन और एपीएल अपोलो के अल्पांश शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा को लेकर प्रॉक्सी सलाहकार फर्मों द्वारा उठाई गई चिंताओं के बीच आई है। टाटा स्टील ने सोमवार को कहा था कि उसने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की समूची 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपए में अधिग्रहीत करने के लिए एक समझौता किया है और कंपनी में 16,756 करोड़ रुपए की खुली पेशकश के जरिये 26 प्रतिशत और हिस्सेदारी खरीदने की योजना बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *