डेस्क: तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी 19 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि युवती का अपने एक चचेरे/ममेरे भाई के साथ प्रेम संबंध था, और उसकी सगाई से ठीक एक दिन पहले पिता ने उसे मार डाला। हैरानी की बात यह है कि युवती की अगले ही दिन सगाई होने वाली थी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कल्याणी के रूप में हुई है। आरोपी पिता का नाम कैलाश अदे बताया गया है। आरोप है कि कल्याणी अपने मामा के बेटे से प्रेम करती थी। 23 नवंबर की शाम उसने अपने माता-पिता को इस रिश्ते के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया।
प्रेम संबंध की बात सुनकर गुस्से में आया पिता
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कल्याणी के परिवार ने उसकी शादी नारनूर के एक युवक से तय की थी। 25 नवंबर को दोनों की सगाई होनी थी। लेकिन इससे एक दिन पहले यानी 24 नवंबर को कल्याणी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
आरोप है कि बेटी के प्रेम संबंध की बात से नाराज कैलाश ने उसकी हत्या करने का फैसला किया। उसने कथित तौर पर कल्याणी का गला घोंट दिया। इसके बाद उसके गले में दुपट्टा बांधकर घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।
आत्महत्या बताकर परिवार और गांव वालों को किया गुमराह
हत्या के बाद आरोपी ने परिवार के सदस्यों और गांव वालों को बताया कि कल्याणी ने खुदकुशी कर ली है। उसने दावा किया कि बेटी अपने माता-पिता की पसंद के लड़के से शादी नहीं करना चाहती थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया। हालांकि, घटना के कुछ समय बाद ही परिवार की ओर से अंतिम संस्कार कर दिए जाने पर गांव के लोगों को शक हुआ। ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में पिता ने कबूला जुर्म
पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की और आरोपी पिता से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कैलाश ने अपनी बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की परिस्थितियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। सगाई से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है।



