अंतरराष्ट्रीय

सिंध के बंटवारे की चर्चा से पाकिस्तान में विरोध, ‘सिंधुदेश’ की मांग फिर तेज

डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) में नए प्रांतों के गठन को लेकर राजनीतिक विवाद (Political controversy) गहराता जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से देश के चार मौजूदा प्रांतों को विभाजित कर 12 से 15 प्रशासनिक इकाइयां बनाने के प्रस्ताव पर सिंध में विरोध शुरू हो गया है। सिंधी संगठनों और नेताओं ने इस प्रस्ताव को प्रांत की पहचान और क्षेत्रीय अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध जताया है। इसी बीच अलग सिंधुदेश की मांग भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
बीते रविवार, 22 नवंबर को जेय सिंध रहबर कमेटी की ओर से कराची में रैली आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में सिंधी नेताओं, कार्यकर्ताओं, वकीलों और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने सिंध के विभाजन और नए प्रांत बनाने के प्रस्ताव का विरोध किया। उनका कहना था कि वे किसी जाति या भाषा के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इस आधार पर सिंध का बंटवारा स्वीकार नहीं करेंगे। रैली में प्रस्तावित जनमत संग्रह को भी खारिज किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि सरकार ने सिंध को बांटने की कोशिश की तो आंदोलन का विस्तार किया जाएगा।

क्या है नए प्रांत बनाने का प्रस्ताव?
विवाद की शुरुआत जुलाई में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के बयान से हुई थी। इस्लामाबाद में एक सम्मेलन के दौरान उन्होंने बेहतर प्रशासन के लिए नए प्रशासनिक प्रांतों की जरूरत बताई थी। उनका तर्क था कि मौजूदा प्रांत आबादी के लिहाज से काफी बड़े हैं, इसलिए छोटे प्रशासनिक क्षेत्रों का गठन शासन व्यवस्था को बेहतर बना सकता है।
इसके बाद योजना मंत्री अहसान इकबाल ने सितंबर में पाकिस्तान में 12 से 15 प्रांत बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने इसके लिए राजनीतिक सहमति को अनिवार्य बताया था। 18 नवंबर को उन्होंने 14 प्रांतों का प्रस्ताव सामने रखा। इसके तहत पंजाब और सिंध में चार-चार, खैबर पख्तूनख्वा में तीन और बलूचिस्तान में तीन प्रांत बनाने की बात कही गई।
कराची पर नियंत्रण को लेकर भी चिंता
सिंध में इस प्रस्ताव का विरोध केवल क्षेत्रीय विभाजन तक सीमित नहीं है। इसके पीछे कराची के प्रशासनिक नियंत्रण का सवाल भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिंध में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) का मजबूत राजनीतिक आधार है, जबकि मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम-पी) लंबे समय से कराची को अलग प्रशासनिक व्यवस्था देने की मांग करती रही है।
सिंधी नेताओं को आशंका है कि नए प्रांतों के गठन से कराची सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्र सरकार का नियंत्रण बढ़ सकता है। इसी कारण वे इसे सिंध की राजनीतिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देख रहे हैं।
पाकिस्तान के संविधान में क्या है प्रावधान?
पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 239 में प्रांतों की सीमाओं में बदलाव और नए प्रांतों के गठन से जुड़ी प्रक्रिया का प्रावधान है। इसके तहत संविधान संशोधन को संसद के दोनों सदनों में कुल सदस्य संख्या के दो-तिहाई बहुमत से पारित कराना जरूरी है। इसके अलावा किसी प्रांत की सीमाओं में बदलाव करने वाले संशोधन को संबंधित प्रांतीय विधानसभा से भी दो-तिहाई बहुमत मिलना अनिवार्य है।
सिंध विधानसभा में कुल 168 सदस्य हैं। ऐसे में किसी भी प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के लिए कम से कम 112 सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा। विधानसभा ने 3 सितंबर को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सिंध के विभाजन और उसकी सीमाओं में बदलाव का विरोध किया था। इससे केंद्र सरकार के लिए प्रस्ताव को आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया है।
सिंधुदेश का अर्थ है सिंधियों के लिए एक अलग स्वतंत्र देश। यह पाकिस्तान से सिंध को अलग कर स्वतंत्र राष्ट्र बनाने की मांग से जुड़ा आंदोलन है। इसकी राजनीतिक और वैचारिक जड़ें सिंधी राष्ट्रवाद में हैं।
इस आंदोलन के प्रमुख वैचारिक नेताओं में जीएम सैयद का नाम लिया जाता है। उन्होंने सिंधियों की अलग सांस्कृतिक, भाषाई और ऐतिहासिक पहचान को आधार बनाकर अलग राष्ट्र की अवधारणा का समर्थन किया था। वर्ष 1971 में पूर्वी पाकिस्तान के अलग होकर बांग्लादेश बनने के बाद सिंधुदेश की मांग को भी नया वैचारिक आधार मिला।
इस आंदोलन से जुड़े संगठनों का आरोप रहा है कि पाकिस्तान में सिंध की भाषा, संस्कृति, संसाधनों और राजनीतिक अधिकारों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जाता। हालांकि, सिंध के सभी राजनीतिक दल और आम नागरिक स्वतंत्र सिंधुदेश की मांग का समर्थन नहीं करते। पाकिस्तान की मुख्यधारा की राजनीति में पीपीपी भी सिंध के विभाजन का विरोध करती है, लेकिन उसकी मांग स्वतंत्र देश बनाने की नहीं है।
बिलावल भुट्टो की चेतावनी से बढ़ा विवाद
17 नवंबर को पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने सिंध के विभाजन के प्रस्ताव का विरोध करते हुए चेतावनी दी थी कि लोगों की इच्छा के खिलाफ ऐसा कोई कदम उठाया गया तो कराची की सड़कों पर खून बह सकता है। उन्होंने कहा कि इसके परिणाम हैदराबाद, मीरपुर खास, टांडो अल्लाहयार और नवाबशाह तक देखने को मिल सकते हैं।
बिलावल ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी नए प्रांतों के गठन का समर्थन केवल संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही करेगी। वहीं, दूसरे राजनीतिक दलों ने उनके बयान पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल पाकिस्तान में नए प्रांतों के गठन का मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। एक ओर केंद्र सरकार इसे प्रशासनिक सुधार से जोड़ रही है, वहीं सिंधी राष्ट्रवादी संगठन इसे अपनी ऐतिहासिक पहचान और क्षेत्रीय अधिकारों से जोड़कर देख रहे हैं। ऐसे में इस विवाद का समाधान संवैधानिक प्रक्रिया और राजनीतिक सहमति पर निर्भर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *