डेस्क: हरियाणा के फरीदाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सराय थाना क्षेत्र के एक OYO होटल के कमरे में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही वह युवक फरार है, जिसके साथ छात्रा होटल में रुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है और मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी छात्रा
मृतका की पहचान गांधी कॉलोनी, कुरैशीपुर निवासी अर्चना (19) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अर्चना सोमवार सुबह रोज की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। दोपहर करीब 3 बजे तक परिवार की उससे फोन पर बातचीत भी हुई, लेकिन इसके बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर शाम तक घर न लौटने और कोई सुराग न मिलने पर परेशान परिजनों ने मंगलवार सुबह धौज थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
कमरे से मिला सुसाइड नोट और जहर
गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ ही घंटों बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सराय इलाके के एक होटल के कमरे में युवती के बेसुध पड़े होने की सूचना मिली। होटल कर्मचारियों ने जब दरवाजा खोला, तो अर्चना बिस्तर पर अचेत हालत में मिली और उसके मुंह व नाक से झाग निकल रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच के दौरान कमरे से चूहे मारने की दवा और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है।
पड़ोसी युवक की तलाश में जुटी पुलिस
सराय थाना प्रभारी अनिल कुमार ने जानकारी दी कि होटल के एंट्री रजिस्टर की जांच से पता चला है कि अर्चना सोमवार को अपने ही पड़ोस में रहने वाले विपिन यादव नाम के युवक के साथ आई थी। दोनों ने अपने पहचान पत्र (ID) जमा कर कमरा बुक किया था। घटना के बाद से आरोपी विपिन यादव फरार है। पुलिस की टीमें फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।



