डेस्क: गुजरात (Gujarat) के भरूच जिले के दहेज इलाके में दो साल की मासूम बच्ची (Innocent little girl) के साथ दुष्कर्म (Rape) का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के पिता के दोस्त ने उसे चॉकलेट देने का लालच देकर अपने कमरे में ले जाकर दरिंदगी की। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बच्ची की मां पर दोस्ती का बना रहा था दबाव
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी की पहचान सुरेंद्र कुमार (35) के रूप में हुई है। वह बच्ची के पिता का दोस्त बताया जा रहा है। आरोप है कि सुरेंद्र कुमार बच्ची की मां पर दोस्ती करने और संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। महिला के इनकार करने पर आरोपी ने उसे फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को ले गया कमरे में
शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी बीच आरोपी उसे चॉकलेट देने का लालच देकर उठाकर अपने कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने तत्काल दहेज पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले की गंभीरता और पीड़िता की कम उम्र को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भरूच की पॉक्सो अदालत में पेश किया। मामले की जांच जारी है।



