डेस्क: नॉर्थ ईस्ट में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में मोदी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया गया है। असम के सिलचर में अब एक नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा। केंद्रीय कैबिनेट ने डोलू में इस आधुनिक हवाई अड्डे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 2014 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नया एयरपोर्ट बनने से न केवल सिलचर और बराक वैली के लोगों को बेहतर हवाई सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के पूर्वोत्तर राज्यों के यात्रियों को भी फायदा होगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन और कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट में 12,351 वर्ग मीटर में फैला नया टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। इसके रनवे की लंबाई 2705 मीटर और चौड़ाई 45 मीटर होगी। इस एयरपोर्ट पर व्यस्त समय के दौरान एक घंटे में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इनमें 400 यात्री आने वाले और 400 जाने वाले होंगे। क्षमता के लिहाज से यह एयरपोर्ट हर साल करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही संभाल सकेगा। इससे आने वाले समय में बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 2014 करोड़ रुपये है। खास बात यह है कि इसका पूरा खर्च भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगा। यानी इसके निर्माण के लिए AAI अपनी ही कमाई और उपलब्ध फंड का इस्तेमाल करेगा।
फिलहाल सिलचर का मौजूदा एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना (IAF) के स्वामित्व में है। यहां AAI करीब 70 एकड़ जमीन पर सिविल एन्क्लेव का संचालन करता है। मौजूदा एयरपोर्ट पर केवल A320 और B737-800 जैसे विमानों का परिचालन किया जा सकता है। इसके अलावा, यहां यात्रियों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि टर्मिनल की क्षमता पर दबाव बढ़ने लगा है। मौजूदा सिविल एन्क्लेव में विस्तार के लिए जमीन भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में नया एयरपोर्ट बनाना जरूरी हो गया है।
डोलू में नया एयरपोर्ट बनने से बराक वैली और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कारोबार को भी फायदा हो सकता है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर क्षेत्र में पैदा होने वाले फल, सब्जियों और अन्य बागवानी उत्पादों की हवाई माल ढुलाई आसान होगी। इससे जल्दी खराब होने वाले उत्पादों को दूसरे बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।



