राष्ट्रीय

होटल में रुकते ही TV पर डाल दें तौलिया, पूर्व सैन्य अधिकारी ने बताई चौंकाने वाली वजह… ऐसे लीक हो सकता प्राइवेट वीडियो

डेस्क: होटल के कमरे में घुसते ही सबसे पहले टेलीविजन को तौलिये से क्यों ढकना चाहिए, इस पर पूर्व सैन्य अधिकारी कर्नल हन्नी बख्शी (सेवानिवृत्त) ने अहम सलाह दी है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि ऐसा इसलिए करना चाहिए क्योंकि आप नहाने के बाद या रोज़मर्रा के काम करते हुए बाहर निकलते हैं, तो आपको नहीं पता कि कोई आपको देख रहा है या नहीं और कब किस चीज़ का गलत इस्तेमाल या blackmail हो जाए।

बता दें कि होटल का कमरा देखने में बिल्कुल निजी और सुरक्षित लगता है। आप दरवाज़ा बंद करते हैं, टीवी चलाते हैं और दिनभर की थकान के बाद आराम करते हैं। लेकिन एक बड़ी बात हम अक्सर भूल जाते हैं कि इस कमरे का इस्तेमाल आपसे पहले सैकड़ों अजनबी कर चुके हैं, और कुछ मिनटों के लिए भी कमरे में रहने वाला कोई शख्स पीछे कोई संदिग्ध चीज़ या डिवाइस छोड़ सकता है।
भारत में पुलिस ऐसे कई मामलों में आरोपियों को पकड़ चुकी है, जहां कपल के प्राइवेट वीडियो बनाने और उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए होटल के कमरों में हिडन कैमरा लगाए गए थे। वहीं विदेशों में ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां दरवाज़े के छेद से मेहमानों को चुपके से रिकॉर्ड किया गया। साइबर और सुरक्षा विशेषज्ञों की भी चेतावनी है कि कमरे में लगे Smart TV और दूसरे गैजेट्स का गलत इस्तेमाल हो सकता है। पूर्व खुफिया अधिकारियों, फ्लाइट अटेंडेंट और ट्रैवल सेफ्टी सलाहकारों का मानना है कि कुछ आसान एहतियात बड़े खतरे से बचा सकते हैं।

1. टीवी को सबसे बड़े तौलिये से ढकें
स्मिता प्रकाश के साथ एएनआई (ANI) पॉडकास्ट के एक एपिसोड में कर्नल हन्नी बख्शी (सेवानिवृत्त) ने कहा कि होटल के कमरे में मौजूद टीवी को हमेशा उपलब्ध सबसे बड़े तौलिये से ढक देना चाहिए। कर्नल बख्शी 26/11 मुंबई हमलों के बाद बनी सैन्य खुफिया इकाई, टेक्निकल सपोर्ट डिवीजन (TSD) के पूर्व कमांडिंग ऑफिसर रह चुके हैं। उनका कहना है कि टीवी आमतौर पर बेड के ठीक सामने लगा होता है, इसलिए कमरे की सबसे साफ नज़र वहीं से बनती है।
यह बात केवल फिल्मों जैसी कल्पना नहीं है। एफबीआई (FBI) भी चेतावनी दे चुकी है कि हैकर्स असुरक्षित स्मार्ट टीवी का एक्सेस लेकर उसके कैमरे और माइक्रोफोन को चालू कर सकते हैं। सुरक्षा सलाह के मुताबिक, अगर किसी कैमरे को बंद करने का विकल्प न हो, तो उस पर ब्लैक टेप (black tape) चिपका देना चाहिए। जिन टीवी में कैमरा नहीं भी होता, उनके फ्रेम या आसपास भी कोई छोटा गैजेट छिपाया जा सकता है। ऐसे में उस पर बड़ा तौलिया डाल देना आसान तरीका है, और अगर टीवी इस्तेमाल में नहीं है, तो रात में उसका प्लग (plug) निकालना भी सही रहता है।
2. दरवाज़े के peep-hole को ढक दें
दरवाज़े में लगा पीपहोल  इसलिए होता है ताकि आप बाहर खड़े व्यक्ति को देख सकें। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि भले ही ऐसे मामले कम हों, लेकिन खास ऑप्टिकल डिवाइस  के ज़रिए कॉरिडोर से अंदर झांकने की कोशिशें हो सकती हैं। ‘स्मार्टरट्रैवल’  ने अमेरिकी स्पोर्ट्स रिपोर्टर एरिन एंड्रयूज (Erin Andrews) के मामले का जिक्र किया है, जिन्हें होटल के कमरे के पीपहोल से चुपके से फिल्माया गया था। इससे बचने के लिए पीपहोल में टिश्यू पेपर फंसा दें या उस पर टेप या बैंड-एड (band-aid) लगा दें, और बाहर देखना हो तो उसे हटा दें।
3. शीशों की जांच करें
कमरे या बाथरूम में लगे शीशों को लेकर two-way mirror की आशंका रहती है, जिसके पीछे कैमरा या कोई और कमरा छिपा हो सकता है। इसके लिए फिंगरनेल टेस्ट काफी चर्चा में रहता है, जिसमें शीशे पर नाखून रखकर देखा जाता है कि नाखून और उसके रिफ्लेक्शन (reflection) के बीच गैप है या नहीं। अगर गैप नहीं दिखता, तो टू-वे मिरर होने की आशंका जताई जाती है। हालांकि टीपी-लिंक की ‘टैपो’ गाइड के अनुसार, हर शीशे पर यह तरीका सही नतीजा नहीं देता, इसलिए सिर्फ इसी पर निर्भर न रहें।
ज्यादा भरोसेमंद जांच के लिए कमरे की लाइट बंद करें, फोन की टॉर्च को शीशे से सटाकर देखें कि पीछे कोई जगह या कैमरा तो नहीं है, और फिर शीशे पर हल्का थपथपाएं। सामान्य दीवार पर लगे शीशे से ठोस आवाज़ आती है, जबकि पीछे खाली जगह होने पर आवाज़ अलग सुनाई दे सकती है।
4. होटल के पब्लिक वाई-फाई से सावधान रहें
सामान्य ब्राउज़िंग के लिए भले ही काम चल जाए, लेकिन ऑनलाइन बैंकिंग (online banking) या शॉपिंग (shopping) करते समय होटल के पब्लिक वाई-फाई  से बचना बेहतर माना जाता है। कई जगहों पर वाई-फाई नेटवर्क में मजबूत एन्क्रिप्शन न होने से पासवर्ड या क्रेडिट कार्ड (credit card) जैसी संवेदनशील जानकारी लीक होने का खतरा रह सकता है।
एक्सपर्ट्स डेटा सुरक्षित रखने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं, जो कनेक्शन को एन्क्रिप्ट (encrypt) करता है। इसके अलावा, लैपटॉप को टीवी से जोड़ना हो तो वायरलेस (wireless) के बजाय साथ रखी एचडीएमआई केबल (HDMI cable) का इस्तेमाल ज़्यादा सुरक्षित विकल्प माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *