उत्तर प्रदेश

पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप, महिला बोली- कई बार होटल में ले जाकर…

डेस्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक निजी वित्तीय कंपनी में काम करने वाली महिला ने एक पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ-कैंट) की निगरानी में करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित एक वित्तीय कंपनी में काम करने वाली महिला ने दो-तीन दिन पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि पूर्व सांसद ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने दावा किया कि पूर्व सांसद उसे अलग-अलग मौकों पर होटलों में ले गए, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता के मुताबिक, पूर्व सांसद ने शादी का भरोसा दिलाते हुए उसे एक मंदिर भी ले जाकर विवाह का आश्वासन दिया था। महिला का आरोप है कि वह लगातार शादी का वादा करते रहे लेकिन अब उससे दूरी बनाने लगे हैं।

सीओ कैंट की निगरानी में होगी मामले की जांच
महिला ने पुलिस को बताया कि जब भी वह पूर्व सांसद से फोन पर संपर्क करने की कोशिश करती है, तो वह कभी पार्टी के काम में व्यस्त होने और कभी शहर से बाहर होने का हवाला देकर बात करने से बचते हैं। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसएसपी कौस्तुभ ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए रामगढ़ताल पुलिस को सीओ कैंट अरुण कुमार की निगरानी में विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मामला शिकायत और जांच के स्तर पर है तथा महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *