उत्तर प्रदेश

”हम भीख नहीं मांग रहे”, इमरान मसूद बोले- सम्मानजनक होना चाहिए सीटों का बंटवारा

डेस्क: समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार रात को पांच सीट पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी, जबकि सहयोगी कांग्रेस के साथ सीट के बंटवारे पर उसकी बातचीत अभी जारी है। सपा के इस कदम पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस की राज्य कार्यसमिति के प्रमुख इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”हम भीख नहीं मांग रहे हैं।”

मसूद इस बात से खासे नाराज हैं कि जिन पांच सीट पर सपा ने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, उनमें सहारनपुर भी शामिल है, जो उनका लोकसभा क्षेत्र है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे कि क्या सपा के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत आगे जारी रखनी चाहिए या नहीं। सपा की इस घोषणा पर अपनी नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा, ”जब एक तरफ आप बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं, तो इससे पता चलता है कि आप गंभीर नहीं हैं।”
उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ”हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि आगे क्या करना है और क्या हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं। पार्टी ही तय करेगी कि आगे क्या कदम उठाना है।” दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर पहले दौर की बातचीत हुई, जो बेनतीजा रही। इसमें सपा ने 26 सीट का प्रस्ताव दिया, जो कांग्रेस की उम्मीदों से बहुत कम था।
गठबंधन सहयोगी की मंशा पर सवाल उठाते हुए मसूद ने कहा, ”मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) से। यह तय होना चाहिए कि हम भाजपा से लड़ना चाहते हैं या आपस में ही लड़ना चाहते हैं।” सपा ने मंगलवार रात जिन पांच सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा की, उनमें से चार पर अभी उसके विधायक हैं – सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, बेहट से उमर अली खान और अमरोहा से महबूब अली। ये सभी सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हैं, जहां सपा को भाजपा और उसके सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) से चुनौती मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी और भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद द्वारा हाल में बनाए गए ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ से भी चुनौती मिल सकती है। पांचवीं सीट ललितपुर (बुंदेलखंड) की है, जहां से सपा ने ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है। ‘इंडिया’ गठबंधन (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के भीतर मतभेदों पर उन्होंने कहा कि वह दूसरी पार्टियों के आंतरिक मामलों पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा, ”हर किसी के अपने विचार होते हैं। हम ईमानदारी से कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दूसरे लोग क्या सोच रहे हैं, यह मैं नहीं बता सकता।” बाद में, सीट बंटवारे के मुद्दे पर उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा, ”हम भीख नहीं मांग रहे हैं। समझौता ऐसा होना चाहिए जो दोनों पक्षों को स्वीकार्य हो और सम्मानजनक हो।” लखनऊ में होने वाली ‘संविधान दिवस’ रैली के बारे में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा, ”हम रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए लखनऊ पहुंच चुके हैं।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सबसे अच्छा तरीका, जिससे सबसे सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं, वह यह है कि उम्मीदवारों को ”पीडीए उम्मीदवारों” के रूप में मैदान में उतारा जाए। इस विवाद से जुड़े सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने बुधवार को कहा, ”गठबंधन बना रहेगा, सब कुछ सुलझा लिया जाएगा।”
सपा नेता उदयवीर सिंह ने भी इस विवाद को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि पार्टी ने उन सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है जिन पर 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा का कब्जा था। उन्होंने सवाल किया, ”यह प्रक्रिया वैसी ही है जैसी 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान अपनाई गई थी। उस वक्त सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच पार्टी धीरे-धीरे नामों की घोषणा करती रही थी। तब यह व्यवस्था सफल रही थी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *