स्थानीय

दरभंगा के रैयाम में गन्ना खेती का औपचारिक शुभारंभ, 5 एकड़ में हुई बुआई

 

दरभंगा, 24 नवम्बर 2026:-गन्ना उद्योग विभाग द्वारा संचालित ‘क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम (2026-27)’ के अंतर्गत आज दरभंगा जिले के रजोड़ा पंचायत स्थित ग्राम रैयाम में गन्ना खेती की औपचारिक शुरुआत की गई।

इस कार्यक्रम में स्थानीय लाभुक किसान श्री सुधीर कुमार यादव, सुशील यादव, मुसाफ़िर यादव, राजकुमार यादव एवं नंदकुमार यादव ने संयुक्त रूप से कुल 5 एकड़ भूमि में गन्ना बुआई का शुभारंभ किया।

 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अन्य स्थानीय किसानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में विभाग के सहायक निदेशक (ईख विकास) श्री अजित कुमार प्रसाद और आईपीएल (IPL) प्रबंधन की ओर से केन हेड मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

अधिकारियों ने किसानों को गन्ने की उन्नत व वैज्ञानिक खेती,सरकारी योजनाओं के लाभ और उत्पादन बढ़ाने के तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

 

जिले में 2000 एकड़ का लक्ष्य, 2200 आवेदन प्राप्त

सहायक निदेशक (ईख विकास) श्री अजित कुमार प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र विस्तार योजना के अंतर्गत दरभंगा जिले में कुल 2,000 एकड़ के लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 2,200 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

 

सभी लाभुकों के प्लॉट के सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया विभागीय कर्मचारियों द्वारा युद्ध स्तर पर की जा रही है।

 

उन्होंने आगे बताया कि योजना के तहत सभी पात्र किसानों को निकटवर्ती जिलों के गन्ना क्षेत्रों से उत्तम प्रभेद के गन्ना बीज निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें CoLk 14201, Co 0118, CoLk 12209, और CoP 9301 जैसी उन्नत किस्में शामिल हैं।

 

विभाग द्वारा अब तक बेनीपुर, अलीनगर एवं केवटी प्रखंड में बुआई हेतु कुल 13 एकड़ क्षेत्र के लिए गन्ना बीजों का वितरण किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *