डेस्क: डिजिटल लेनदेन (Digital transactions)के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी (Online Fraud)के मामले भी लगातार चिंता का कारण बने हुए हैं। इसी को देखते हुए रिजर्व बैंक ने ग्राहकों को डिजिटल भुगतान (Digital Payments)पर ज्यादा नियंत्रण देने के लिए नए सुरक्षा दिशा निर्देशों का मसौदा जारी किया है। प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने के बाद बैंक ग्राहक अपने डिजिटल लेनदेन की सीमा खुद तय कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर एक क्लिक में भविष्य के सभी ग्राहक द्वारा शुरू किए गए डिजिटल भुगतान को रोक सकेंगे। इसके लिए स्टॉप स्विच सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है। नए प्रावधान 1 जुलाई 2027 से लागू किए जाने हैं हालांकि बैंक चाहें तो इससे पहले भी इन्हें लागू कर सकते हैं।
स्टॉप स्विच सुविधा डिजिटल धोखाधड़ी की आशंका होने पर ग्राहकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। इसके तहत ग्राहक एक क्लिक पर खाते से भविष्य में होने वाले सभी ग्राहक प्रेरित डेबिट लेनदेन रोक सकेगा। इसका मतलब है कि इसके बाद नया ऑनलाइन भुगतान या धन हस्तांतरण नहीं हो सकेगा। यदि ग्राहक को किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चलता है या उसे लगता है कि उसके खाते से गलत तरीके से पैसे निकाले जा सकते हैं तो वह तत्काल डिजिटल भुगतान बंद कर सकेगा। हालांकि बैंक की ओर से ऋण की किस्त या अन्य बकाया राशि की वसूली जैसे लेनदेन इस रोक के दायरे से बाहर रहेंगे।
RBI ने बड़े डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने के लिए ट्रस्टेड पर्सन की सुविधा का प्रस्ताव भी रखा है। ग्राहक 18 वर्ष से अधिक उम्र के किसी परिवार के सदस्य या अन्य भरोसेमंद व्यक्ति को इसके लिए पंजीकृत कर सकेगा। जब ग्राहक कोई बड़ा भुगतान करेगा तो उस भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी अनिवार्य की जा सकेगी। प्रस्ताव के मुताबिक मंजूरी के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। यदि तय समय में मंजूरी नहीं मिलती है या भुगतान को अस्वीकार कर दिया जाता है तो संबंधित लेनदेन रद्द हो जाएगा। खास बात यह है कि भरोसेमंद व्यक्ति को केवल प्रस्तावित बड़े भुगतान की जानकारी मिलेगी। उसे ग्राहक के खाते में मौजूद रकम एफडी निवेश या बीमा जैसी निजी वित्तीय जानकारी देखने की अनुमति नहीं होगी।
नए मसौदे में ग्राहकों को डिजिटल भुगतान की सीमा खुद निर्धारित करने का अधिकार देने का भी प्रस्ताव है। ग्राहक किसी एक डिजिटल भुगतान माध्यम किसी विशेष लाभार्थी या पूरे दिन के कुल डिजिटल लेनदेन की अधिकतम सीमा तय कर सकेगा। डेबिट क्रेडिट और प्रीपेड कार्ड के लिए भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय भुगतान एटीएम ऑनलाइन शॉपिंग तथा कॉन्टैक्टलेस ट्रांजेक्शन को अलग अलग चालू या बंद करने की सुविधा दी जा सकेगी। ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार किसी भुगतान माध्यम को निर्धारित समय तक बंद भी रख सकेगा।
प्रस्तावित नियमों में नए बैंक खातों को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। नया खाता खुलने के समय सभी डिजिटल भुगतान माध्यम डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगे। ग्राहक की स्पष्ट सहमति और प्रमाणीकरण के बाद ही इन्हें सक्रिय किया जा सकेगा। इससे बिना जानकारी के डिजिटल भुगतान सुविधा सक्रिय होने और उसके गलत इस्तेमाल की आशंका कम करने की कोशिश की गई है।
इसके साथ ही बैंकों की जिम्मेदारी भी बढ़ाई जा रही है। अनिवार्य अलर्ट नहीं भेजना 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराना धोखाधड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई नहीं करना सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं करना सिस्टम में गड़बड़ी या बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से होने वाली धोखाधड़ी जैसी स्थितियों को बैंक की लापरवाही माना जा सकता है। इन प्रस्तावित दिशा निर्देशों पर 14 दिसंबर तक प्रतिक्रिया मांगी गई है।



