डेस्क: भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में इतिहास रच दिया। इंडिया A की ओर से खेलते हुए वैभव ने महज 28 गेंदों में शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए और ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।
जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों का रिकॉर्ड टूटा
वैभव से पहले लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था। उन्होंने 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक लगाया था। वैभव ने महज 28 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल कर उनसे एक गेंद कम में रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
एबी डिविलियर्स को भी छोड़ा पीछे
इस ऐतिहासिक सूची में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स भी शामिल हैं। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में 31 गेंदों में शतक लगाया था। वहीं, बिहार के साकिबुल गनी ने 2025 में 32 गेंदों और झारखंड के ईशान किशन ने 2025 में 33 गेंदों में शतक जड़ा था।
लिस्ट A क्रिकेट के सबसे तेज शतक
28 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी, इंडिया A vs UAE, 2026
29 गेंदें – जेक फ्रेजर-मैकगर्क, साउथ ऑस्ट्रेलिया vs तस्मानिया, 2023
31 गेंदें – एबी डिविलियर्स, दक्षिण अफ्रीका vs वेस्टइंडीज, 2015
32 गेंदें – साकिबुल गनी, बिहार vs अरुणाचल प्रदेश, 2025
33 गेंदें – ईशान किशन, झारखंड vs कर्नाटक, 2025
इंडिया A ने 8 ओवर से पहले ही बनाए 139 रन
UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 249 रन बनाए थे। जवाब में इंडिया A ने महज 7.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 139 रन बना लिए थे। वैभव के साथ रिंकू सिंह क्रीज पर मौजूद थे। भारत को जीत के लिए 111 रन की जरूरत थी और उसके पास 8 विकेट शेष थे।
इब्रार अहमद के एक ओवर में बनाए 30 रन
वैभव ने UAE के गेंदबाज इब्रार अहमद के सातवें ओवर में जमकर रन बटोरे। इस ओवर में उन्होंने 6, 4, 4, 6, 6 और 4 रन सहित कुल 30 रन बनाए। इसके बाद भी उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और अपनी पारी को 119 रन तक पहुंचा दिया।



