खेल

FIFA Women’s World Cup: 2031 और 2035 महिला विश्व कप के मेजबानों का ऐलान

डेस्क: फीफा ने 2031 और 2035 में होने वाले महिला फुटबॉल विश्व कप के सह-मेजबानों की घोषणा कर दी है। सोमवार को सदस्य संघों की वर्चुअल असाधारण कांग्रेस के बाद यह फैसला लिया गया। इसके तहत 2031 विश्व कप की मेजबानी कोस्टा रिका, जमैका, मैक्सिको और अमेरिका मिलकर करेंगे, जबकि 2035 में इंग्लैंड, उत्तरी आयरलैंड, स्कॉटलैंड और वेल्स संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे।

2031 में पहली बार 48 टीमें लेंगी हिस्सा
2031 में होने वाला महिला फुटबॉल विश्व कप कई मायनों में खास रहने वाला है। इस टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे प्रतियोगिता का दायरा और बड़ा होगा तथा अधिक देशों को विश्व कप में खेलने का मौका मिलेगा। कोस्टा रिका, जमैका, मैक्सिको और अमेरिका मिलकर इस ऐतिहासिक आयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
2035 विश्व कप की मेजबानी ब्रिटेन के चार देशों को
फीफा ने 2035 महिला विश्व कप के लिए भी मेजबानों के नाम घोषित कर दिए हैं। इस संस्करण का आयोजन इंग्लैंड, उत्तरी आयरलैंड, स्कॉटलैंड और वेल्स में किया जाएगा। चारों देश मिलकर महिला फुटबॉल के इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे।
1991 में पहली बार हुआ था महिला विश्व कप का आयोजन
महिला फुटबॉल विश्व कप की शुरुआत नवंबर 1991 में हुई थी। पहला टूर्नामेंट चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में आयोजित किया गया था, जिसमें कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद से महिला विश्व कप लगातार वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय हुआ है और इसमें भाग लेने वाली टीमों की संख्या भी बढ़ती गई है।
महिला फुटबॉल को वैश्विक स्तर पर बढ़ाना चाहता है FIFA
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने महिला विश्व कप के भविष्य और महिला फुटबॉल के विस्तार को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ‘हमारा उद्देश्य महिला फुटबॉल को वास्तव में वैश्विक बनाना है और सभी सदस्य संघों तथा सभी हितधारकों के साथ मिलकर भविष्य का निर्माण करना है।’
महिला फुटबॉल के विस्तार को बताया प्राथमिकता
इन्फेंटिनो ने आगे कहा, ‘महिला फुटबॉल के लिए हमारी प्राथमिकताएं बहुत ही सरल हैं। हमें इस खेल का वैश्विक स्तर पर विस्तार करना है।’ FIFA के इस फैसले को महिला फुटबॉल को अधिक देशों तक पहुंचाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *