खेल

वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक धमाका, 52 गेंदों में जड़ा दोहरा शतक; पारी में लगाए 28 छक्के

डेस्क: भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में ऐसा तूफान मचाया कि क्रिकेट जगत हैरान रह गया। इंडिया A की ओर से खेलते हुए वैभव ने महज 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी विस्फोटक पारी में 28 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

28 छक्कों के साथ रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने UAE के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने मैदान के चारों ओर बड़े-बड़े शॉट लगाए और महज 52 गेंदों में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया। उनकी पारी का 28वां छक्का ऐतिहासिक रहा। बासिल हमीद की गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाकर उन्होंने अपना दोहरा शतक पूरा किया। इस शानदार उपलब्धि के बाद वैभव ने बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया, जबकि ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ी भी खड़े होकर तालियां बजाने लगे।
अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने से रचा नया इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी के दौरान अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हुआ था। उन्होंने UAE के खिलाफ महज 40 गेंदों में 150 रन पूरे किए, जबकि इससे पहले बिहार की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 2025 में उन्होंने 59 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज:
40 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी, इंडिया A vs UAE, 2026
59 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी, बिहार vs अरुणाचल प्रदेश, 2025
64 गेंदें – एबी डिविलियर्स, दक्षिण अफ्रीका vs वेस्टइंडीज, 2015
65 गेंदें – जोस बटलर, इंग्लैंड vs नीदरलैंड्स, 2022
28 गेंदों में शतक लगाकर पहले ही तोड़ चुके थे वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव ने इसी मुकाबले में 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था, जिन्होंने 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक लगाया था।
लिस्ट A क्रिकेट के सबसे तेज शतक:
28 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी, इंडिया A vs UAE, 2026
29 गेंदें – जेक फ्रेजर-मैकगर्क, साउथ ऑस्ट्रेलिया vs तस्मानिया, 2023
31 गेंदें – एबी डिविलियर्स, दक्षिण अफ्रीका vs वेस्टइंडीज, 2015
32 गेंदें – साकिबुल गनी, बिहार vs अरुणाचल प्रदेश, 2025
33 गेंदें – ईशान किशन, झारखंड vs कर्नाटक, 2025
UAE ने भारत को दिया था 250 रन का लक्ष्य
इस मुकाबले में UAE ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए। UAE की ओर से हरप्रीत सिंह भाटिया ने शानदार 130 रन की पारी खेली। वहीं, इंडिया A के लिए अर्शद खान ने सबसे ज्यादा चार विकेट हासिल किए।
इब्रार अहमद के एक ओवर में ठोके 30 रन
250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया A को वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। उन्होंने UAE के गेंदबाज इब्रार अहमद के एक ओवर में 30 रन बटोर लिए। इस ओवर में वैभव ने तीन छक्के और तीन चौके लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने UAE के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
इंडिया A के लिए सेमीफाइनल की राह होगी आसान
तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया A टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। पाकिस्तान A के खिलाफ 48 रन से हारने के बाद टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए UAE के खिलाफ जीत की जरूरत है। वैभव की इस ऐतिहासिक पारी ने भारत को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया और टीम की जीत की उम्मीदों को मजबूत कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *