डेस्क: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नेशनल हाईवे-27 पर बन रहे एक ओवरब्रिज के पास, एक तेज रफ्तार कार पानी के टैंकर से टकराकर 15 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस हादसे में एक महिला समेत 3 मजदूरों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए।
यह हादसा शुक्रवार को चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर मेनाल के पास हुआ। बेगूं के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) अंकित कुड़ी ने बताया कि मेनाल जोगणिया माता जाने वाली सड़क पर ओवरब्रिज बनाने के लिए एक गड्ढा खोदा गया था, जिसमें 7 मजदूर काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ से कोटा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार पहले हाईवे पर निर्माण कार्य के लिए खड़े पानी के टैंकर से टकराई, फिर गड्ढे में जा गिरी और वहां काम कर रहे मजदूरों के ऊपर आ गिरी।
मृतकों की पहचान भीलवाड़ा जिले के रहने वाले बिहारी (45), मांडलगढ़ के सावता (50) और गंगराड़ की प्रेम बाई (40) के रूप में हुई है। घायलों में 4 मजदूर और कार में सवार 6 लोग शामिल हैं। इनमें से 3 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।


