नई दिल्ली

दिवाली से पहले दिल्ली की हवा फिर हुई जहरीली, AQI ”बेहद खराब” श्रेणी में पहुंचा

डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी की हवा दिवाली से ठीक एक दिन पहले शनिवार सुबह फिर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई तथा इसके और बिगड़ने की आशंका है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 364 (बेहद खराब) दर्ज किया गया।

वहीं, शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 382 था। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। शहर के 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 18 ने शनिवार सुबह एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को एक्यूआई के ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने की आशंका है।

शहर के कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री और शुक्रवार के मुकाबले एक डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *