खेल

U19 Asia Cup : सहवाग-रायचंदानी के अर्धशतक, भारत ने नेपाल को 10 विकेट से रौंदा

डेस्क: शुक्रवार को अंडर-19 एशिया कप वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में आर्यवीर सहवाग और लक्ष्य रायचंदानी की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। ईशान सूद (3/18) और अर्जुन राजपूत (3/8) की शानदार गेंदबाजी के आगे नेपाल की टीम महज 128 रनों पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत के दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग (70 रन, नाबाद) और लक्ष्य रायचंदानी (53 रन, नाबाद) ने बहुत आसानी से इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।

भारत ने बिना कोई विकेट खोए 19.1 ओवर में 129 रन बनाए और 185 गेंदें शेष रहते हुए शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम एक समय 51 रनों पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। दर्श सोनार की संभलकर खेली गई 43 रनों की पारी (93 गेंद; 1 चौका, 1 छक्का) और आशीष लूथर के 29 रनों के बावजूद, पूरी टीम 42.3 ओवर में 128 रनों पर ढेर हो गई। ईशान सूद ने शुरुआत में 3 विकेट लेकर नेपाल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि अर्जुन राजपूत ने पारी के अंतिम चरणों में विकेट चटकाए।
भारत की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत काफी आत्मविश्वास भरी रही, जिसमें लक्ष्य रायचंदानी ने आक्रामक रुख अपनाया। इसके बाद आर्यवीर सहवाग ने शानदार खेल दिखाते हुए 52 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन बनाए। लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंदों में 7 चौकों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। भारत का अगला मुकाबला रविवार को पाकिस्तान से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *