डेस्क: भारत में गोल्फ के एक नए अंतरराष्ट्रीय अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। हरियाणा के नूंह स्थित तरुधन वैली में 12 नवंबर से इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पट ओपन-2026 का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में 14 देशों के 56 विदेशी खिलाड़ियों समेत कुल 72 गोल्फर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने गुरुवार को प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके साथ ही टूर्नामेंट की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस आयोजन को पिच एंड पट की वैश्विक संस्था फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पिच एंड पट एसोसिएशंस (FIPPA) की मान्यता मिली है, जिससे इसका अंतरराष्ट्रीय महत्व और बढ़ गया है।
टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों को भी विदेशी गोल्फरों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। 14 देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी से भारत में इस खेल को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
इंडियन पिच एंड पट एसोसिएशन (IPPA) के अध्यक्ष मुनीष अरोड़ा ने कहा कि 14 देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी भारत में पिच एंड पट की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। एसोसिएशन का लक्ष्य भारत को इस खेल के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि घरेलू खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना भी एसोसिएशन की प्राथमिकता है। इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से भारतीय खिलाड़ियों को अपना कौशल निखारने और वैश्विक मंच पर पहचान बनाने में मदद मिलेगी।
ट्रॉफी अनावरण समारोह में एसोसिएशन के चीफ पैट्रन पुनीत सिंह और चीफ एडवाइजर राजन सहगल भी मौजूद रहे। 12 नवंबर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता पर अब गोल्फ प्रेमियों की नजरें रहेंगी।


