मनोरंजन

‘बिग बॉस 20’ की लोकप्रियता ने पकड़ी रफ्तार, 60 दिनों से पहले 100 करोड़ घंटे देखा गया शो

डेस्क: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। जियोहॉटस्टार पर शो को शुरू हुए अभी 60 दिन भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन इसने 100 करोड़ घंटे के वॉच टाइम का आंकड़ा पार कर लिया है। प्लेटफॉर्म के मुताबिक, शो को मिल रहे दर्शकों के प्यार के साथ वोटिंग और सोशल मीडिया पर उसकी चर्चा में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वोटिंग और सोशल मीडिया पर भी बढ़ा दर्शकों का उत्साह
शो के इस सीजन में दर्शकों की भागीदारी कई स्तरों पर देखने को मिली है। अब तक प्रतियोगियों के लिए 350 करोड़ से ज्यादा वोट दर्ज किए गए हैं, जो पिछले सीजन के मुकाबले 71 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं, वोट करने वाले दर्शकों की संख्या में भी 48 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सोशल मीडिया पर शो से जुड़े मीम्स की संख्या तीन गुना हो गई है। इसके अलावा, ‘जीतो’ गेम में हिस्सा लेने वाले लोगों की संख्या भी दोगुनी हो चुकी है।
विदेशों में भी बना रहा है अपनी पहचान
‘बिग बॉस 20’ को भारत के बाहर भी दर्शक मिल रहे हैं। यह शो यूके, कनाडा और सिंगापुर में टॉप 5 में शामिल रहा है, जबकि यूएई में STARZPLAY पर नंबर वन स्थान हासिल किया है। शो के कुल वॉच टाइम में जेनरेशन Z की हिस्सेदारी 45 प्रतिशत बताई गई है। इस सीजन के साथ 24 ब्रांड पार्टनर भी जुड़े हैं, जो शो की पहुंच और व्यावसायिक लोकप्रियता को दर्शाते हैं।
सलमान खान ने दर्शकों का जताया आभार
शो के होस्ट सलमान खान ने दर्शकों के इस प्यार और जुड़ाव को खास बताया। वहीं, जियोस्टार के आलोक जैन और बनिजय एशिया के दीपक धर ने भी शो की उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, दर्शकों की सक्रिय भागीदारी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ती पहुंच ने इस सीजन को खास बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *