दरभंगा

नेहरू स्टेडियम दरभंगा में राज्य स्तरीय अंतर-मंडलीय वुशु प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 

खेलों से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता एवं आत्मविश्वास का होता है विकास

 

दरभंगा, 05 नवंबर 2026 :- खेल विभाग, बिहार सरकार, पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर-मंडलीय वुशु प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को हुआ।

 

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह पूर्व विभिन्न प्रमंडलों से आई खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ओएसडी सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह एवं बिहार हैंडबॉल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव रविंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

 

इस अवसर पर राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वुशु जैसे मार्शल आर्ट खेलों में शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मानुशासन, साहस एवं आत्मरक्षा की विशेष भूमिका होती है।

 

उन्होंने कहा कि आज बेटियां भी वुशु जैसे चुनौतीपूर्ण खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही हैं। यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक उपलब्धि है।

 

खेल के मैदान में बेटियों की बढ़ती भागीदारी समाज में आत्मविश्वास और समान अवसरों की भावना को मजबूत करती है।

 

वहीं जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने कहा कि दरभंगा जिला लगातार राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन का केंद्र बन रहा है। इससे पूर्व जिले में राज्य स्तरीय हैंडबॉल एवं बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा चुका है।

 

अब अंडर-19 बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय अंतर-मंडलीय वुशु प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है।

 

राज्य सरकार खेल आधारभूत संरचना के विकास एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।जिला प्रशासन भी विशेष रूप से बालिका खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

दीप प्रज्वलन के उपरांत जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने मुख्य अतिथि राजेश कुमार गुप्ता समेत सभी मंचासीन अतिथियों को प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

 

इस अवसर पर अंडर-17 नेशनल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली सीमा कुमारी एवं 25वीं जूनियर नेशनल वुशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त करने वाले अभिषेक कुमार को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

मुकाबले प्रारंभ होने से पूर्व सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

इसके बाद प्रतियोगिता के मुकाबले प्रारंभ हुए। कार्यक्रम का मंच संचालन केशव कुमार चौधरी एवं कुमार अनुराग ने किया।

 

किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए चिकित्सीय पूरी टीम उपलब्ध रही।

 

मैच ऑफिशियल के रूप में संजय कुमार, संजीव कुमार यादव,करण कुमार, दिलीप कुमार, नाजदा खातून,पूजा कुमारी एवं सतीश कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *