अर्थ

मुकेश अंबानी की रिलायंस का दुनिया में बजा डंका, टॉप-100 कंपनियों में फिर हुई एंट्री, बनी इकलौती भारतीय कंपनी

डेस्क: देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। पिछले दो कारोबारी दिनों में कंपनी के शेयर करीब 12 प्रतिशत चढ़ गए हैं। इस तेजी के साथ ही मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने दुनिया की टॉप-100 सबसे मूल्यवान कंपनियों में दोबारा जगह बना ली है। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाली रिलायंस इकलौती भारतीय कंपनी है।

शेयरों में तेजी के चलते रिलायंस का मार्केट कैप बढ़कर करीब 17.60 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है। कंपनियों के बाजार मूल्य पर नजर रखने वाली वेबसाइट CompaniesMarketCap के अनुसार, कंपनी का मार्केट कैप 187.39 अरब डॉलर हो गया है। इसके साथ ही रिलायंस दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में 99वें स्थान पर पहुंच गई है।
दो दिनों में शेयरों ने लगाई लंबी छलांग
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को 11.64 प्रतिशत की जोरदार तेजी दर्ज की गई थी। इसके बाद मंगलवार को भी शेयर 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। लगातार आई इस तेजी ने कंपनी के बाजार मूल्य में बड़ा इजाफा किया और उसे वैश्विक टॉप-100 कंपनियों की सूची में वापसी करने में मदद मिली।
NVIDIA बनी दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी
दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में एक बार फिर अमेरिकी चिप निर्माता Nvidia पहले स्थान पर पहुंच गई है। इसका मार्केट कैप 4.990 ट्रिलियन डॉलर है। वहीं, Apple 4.843 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैप के साथ दूसरे नंबर पर है।
टॉप-10 में ये कंपनियां शामिल
दुनिया की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में अमेरिका की आठ कंपनियां शामिल हैं। इनमें Nvidia, Apple, Microsoft, Alphabet, Amazon, SpaceX, Meta Platforms और Broadcom शामिल हैं। वहीं, ताइवान की TSMC 2.099 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैप के साथ छठे और सऊदी अरामको 1.687 ट्रिलियन डॉलर के साथ आठवें स्थान पर है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की टॉप-100 में वापसी भारतीय कॉरपोरेट जगत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। कंपनी के शेयरों में आई तेजी ने मुकेश अंबानी की कंपनी को एक बार फिर वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *