अर्थ

Bull Run in Stock Market: शेयर बाजार में मंगल ही मंगल, इन 5 कारणों से सेंसेक्स-निफ्टी में आई जोरदार तेजी

डेस्क: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। घरेलू बाजार में चौतरफा खरीदारी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। बैंकिंग और मिडकैप शेयरों में मजबूत खरीदारी से बाजार को खास सपोर्ट मिला है। सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62% की बढ़त के साथ 76,917.85 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 भी 370.05 अंक यानी 1.58% चढ़कर 23,810.85 के स्तर पर पहुंच गया।

बाजार में तेजी के 5 बड़े कारण

1. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट है। पिछले कारोबारी सत्र में ब्रेंट क्रूड करीब 7% टूटकर 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। ईरान और कतर के बीच मध्यस्थता से जुड़ी बातचीत के बाद अमेरिका-इजरायल युद्ध समाप्त होने और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ऊर्जा आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है। इससे भारत जैसे तेल आयातक देशों को राहत मिलने की संभावना है।
2. विदेशी निवेशकों की बाजार में वापसी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FPI) की खरीदारी ने भी बाजार को मजबूती दी है। सोमवार को विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में करीब 3,114.68 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और बाजार में खरीदारी को समर्थन मिला है।
3. एलटीसीजी टैक्स में राहत की उम्मीद
विदेशी निवेशकों और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स (एलटीसीजी) टैक्स में राहत को लेकर चर्चा से भी बाजार की धारणा को सहारा मिला। हालांकि, यह अभी प्रस्ताव और उम्मीदों से जुड़ा मामला है, कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
4. रुपए में आई मजबूती
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए में भी सुधार देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेश के चलते रुपया 12 पैसे मजबूत होकर 94.72 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। रुपए की मजबूती से आयात लागत और महंगाई को लेकर चिंताएं कम होने की उम्मीद है।
5. कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजे
कई कंपनियों के सितंबर तिमाही के शानदार नतीजों ने भी बाजार में उत्साह बढ़ाया है। VRL Logistics का शेयर मुनाफे में दोगुना उछाल के बाद 13% तक चढ़ गया। KRBL में मुनाफा 51% बढ़ने से शेयर 9.4% मजबूत हुआ। Trident के शेयर में भी 9.4% की तेजी आई। वहीं, उम्मीद से बेहतर नतीजों और कोपरा की कम लागत के कारण Marico का शेयर करीब 4.5% चढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *