डेस्क: दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है लेकिन इस बार महंगाई ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। टीवी, फ्रिज और एसी खरीदने से लेकर मिठाई और ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी तक, हर चीज के लिए ग्राहकों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। कच्चे माल की बढ़ती कीमतों, खराब फसल और माल ढुलाई महंगी होने के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद 3 से 7 फीसदी तक महंगे हो गए हैं। वहीं मिठाइयों के दाम में भी 15 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। सबसे ज्यादा उछाल पिस्ता की कीमतों में देखने को मिला है, जिसके भाव पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुने हो गए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की कीमतों में बढ़ोतरी
दिवाली पर टीवी, फ्रिज और एसी की मांग बढ़ जाती है। इसी बीच हायर, एलजी और ब्लू स्टार जैसी कंपनियों ने अपने उत्पादों की कीमतों में इजाफा किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस फेस्टिव सीजन में इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री की कुल वैल्यू में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी की उम्मीद है लेकिन यूनिट सेल में वृद्धि सिंगल डिजिट में रह सकती है। विजय सेल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर निलेश गुप्ता के अनुसार, ग्राहक अब खरीदारी के लिए ईएमआई का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं।
मिठाइयां भी हुईं 15 फीसदी तक महंगी
दूध, खोया, चीनी और ड्राई फ्रूट्स की लागत बढ़ने से मिठाइयों के दाम भी बढ़ गए हैं। उत्तर प्रदेश की मंडियों में चीनी 4,800 रुपए से बढ़कर 5,700 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। वहीं मिठाई कारोबारियों ने कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी की है। कारोबारियों का मानना है कि ग्राहक इस बार बड़े गिफ्ट पैक की जगह छोटे पैक खरीदना पसंद कर सकते हैं।
पिस्ता-बादाम के भाव ने बढ़ाई चिंता
ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी भारी उछाल आया है। पिछले साल 800-900 रुपए किलो मिलने वाला बादाम अब 1,000-1,200 रुपए किलो बिक रहा है। वहीं पिस्ता 900 रुपए से बढ़कर 1,500-2,100 रुपए किलो तक पहुंच गया है। कारोबारियों के मुताबिक, खराब फसल और माल ढुलाई महंगी होने से कीमतों में तेजी आई है।
बदल सकता है खरीदारी का ट्रेंड
महंगाई के चलते इस दिवाली ग्राहक जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर सकते हैं। महंगे गिफ्ट हैम्पर्स की जगह छोटे पैक और किफायती विकल्पों को प्राथमिकता मिल सकती है। कारोबारियों को बिक्री की कुल वैल्यू बढ़ने की उम्मीद है लेकिन सामान की संख्या के लिहाज से कारोबार की रफ्तार धीमी रह सकती है।


