अन्य

Heart Health से लेकर हड्डियों की मजबूती तक, सेहत के लिए फायदेमंद हैं ये 3 Seeds

डेस्क: अच्छी सेहत के लिए सिर्फ पेट भरकर खाना ही काफी नहीं है, बल्कि हमारी डाइट में ऐसे पोषक तत्व भी होने चाहिए, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाएं। आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो रहे हैं और खानपान में भी छोटे-छोटे बदलाव कर रहे हैं। ऐसे में सीड्स यानी बीजों को डेली डाइट का हिस्सा बनाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। छोटे-से दिखने वाले ये बीज फाइबर, हेल्दी फैट्स, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं। इनका सही मात्रा में सेवन पाचन से लेकर हार्ट और त्वचा की सेहत तक के लिए फायदेमंद हो सकता है।

आयुर्वेदिक डॉक्टर ने अपने यूट्यूब वीडियो में कुछ ऐसे सीड्स के बारे में बताया है, जिन्हें रोजाना की डाइट में शामिल किया जा सकता है। उनके मुताबिक, इन बीजों में मौजूद पोषक तत्व शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचा सकते हैं। आइए जानते हैं कौन-से 3 सीड्स आपकी सेहत के लिए अच्छे हो सकते हैं और इन्हें खाने का सही तरीका क्या है।
सेहत के लिए फायदेमंद हैं ये 3 सीड्स
अलसी के बीज (Flax Seeds)
अलसी के छोटे-छोटे बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। अलसी में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाने और कब्ज की समस्या से राहत पाने में मदद कर सकता है। वहीं, इसमें पाया जाने वाला ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बेहतर बनाए रखने में भी मदद कर सकता है। अलसी का सेवन करने का एक आसान तरीका है कि इसे हल्का भूनकर पीस लें और फिर दही, दलिया या स्मूदी में मिलाकर खाएं। साबुत अलसी की तुलना में पिसी हुई अलसी से शरीर को पोषक तत्वों का लाभ बेहतर तरीके से मिल सकता है। रोजाना 1 से 2 बड़े चम्मच अलसी का सेवन किया जा सकता है।
चिया सीड्स (Chia Seeds)
चिया सीड्स को पोषण से भरपूर माना जाता है। इनमें फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। खास बात यह है कि इनमें मौजूद घुलनशील फाइबर पानी सोखकर फूल जाता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस हो सकता है। इस वजह से यह बार-बार भूख लगने की परेशानी को कम करने और वजन को संतुलित रखने में मददगार हो सकता है। चिया सीड्स में मौजूद फाइबर पाचन को दुरुस्त रखने में भी मदद करता है। इसके अलावा, इनमें पाए जाने वाले ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। इन्हें खाने के लिए एक गिलास पानी में चिया सीड्स डालकर कुछ देर भिगो दें। जब ये अच्छी तरह फूल जाएं, तो इनका सेवन करें। आप इन्हें दही, ओट्स या स्मूदी में मिलाकर भी खा सकते हैं। ध्यान रखें कि चिया सीड्स को पर्याप्त मात्रा में पानी के साथ ही लें।

 कद्दू के बीज (Pumpkin Seeds)
कद्दू के बीज भी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर, जिंक, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। मैग्नीशियम शरीर की मांसपेशियों और हड्डियों के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है। वहीं, जिंक इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। कद्दू के बीजों में मौजूद हेल्दी फैट्स और मैग्नीशियम हार्ट हेल्थ के लिए भी उपयोगी हो सकते हैं। इसके अलावा, इनमें मौजूद जिंक त्वचा और बालों की सेहत को बनाए रखने में मदद करता है। मैग्नीशियम शरीर के सामान्य कामकाज और अच्छी नींद के लिए भी जरूरी है। आप रोजाना एक छोटी मुट्ठी या लगभग एक चम्मच कद्दू के बीज अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इन्हें हल्का भूनकर स्नैक्स की तरह खाएं या सलाद, ओट्स और दही में मिलाकर सेवन करें।
सीड्स खाते समय इन बातों का रखें ध्यान
सीड्स पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इन्हें जरूरत से ज्यादा खाना चाहिए। इनका सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करें। शुरुआत कम मात्रा से करें, ताकि शरीर को फाइबर की अधिक मात्रा की आदत धीरे-धीरे हो सके। चिया सीड्स को भिगोकर खाना बेहतर है और अलसी को पीसकर खाने से उसके पोषक तत्वों का लाभ मिल सकता है। बाजार में मिलने वाले नमकीन या ज्यादा मसालेदार बीजों के बजाय सादे और बिना नमक वाले विकल्प चुनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *