डेस्क : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जमीन के नीचे दबे तीन नीले ड्रमों से ₹5 करोड़ से ज्यादा की नकदी (कैश) बरामद हुई है। यह मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव का है। पुलिस को एक मकान के कमरे के फर्श की खुदाई के दौरान जमीन के नीचे (लगभग 5 मीटर गहरे) छिपाकर रखे गए 3 नीले प्लास्टिक के ड्रम मिले। इन नीले ड्रमों को खोलने पर उनके अंदर ₹500 के नोटों की सैकड़ों गड्डियां मिलीं। नोटों को खराब होने से बचाने के लिए उन्हें पॉलीथीन और कपड़ों में लपेटकर रखा गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस परिवार के एक आपसी विवाद की जांच करने पहुंची थी, जिसके बाद इस छिपे हुए खजाने का राज खुला। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों (राजेश यादव और राकेश यादव उर्फ महाकाल) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इतनी बड़ी रकम की गिनती के लिए मशीनें मंगानी पड़ीं और इस मामले की सूचना आयकर विभाग व अन्य जांच एजेंसियों को दे दी गई है।


