राष्ट्रीय

CM मोहन और विजयवर्गीय एक-दूसरे को पद से हटाने में लगे… सरकार को लेकर जीतू का बड़ा दावा, गरमाई सियासत

डेस्क: मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री के बीच कथित खींचतान को लेकर बड़ा हमला बोला है। इंदौर में पटवारी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के बीच अंदरूनी जंग चल रही है। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि दोनों के बीच गाली-गलौज हो रही है, बस यह दिखाई और सुनाई नहीं दे रही है।

जीतू पटवारी ने कहा कि इंदौर में प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के बीच तालमेल की जगह टकराव की स्थिति बनी हुई है। पटवारी के मुताबिक, दोनों नेता रोज एक-दूसरे को पद से हटाने की तैयारी में लगे रहते हैं।
जीतू पटवारी ने कहा कि विजयवर्गीय ने मीटिंग बुलाई, कहा कि पानी का संकट आने वाला है। हम सब मिलकर चर्चा करें। जीतू ने दावा किया कि बीजेपी के विधायक उनकी मीटिंग में गए ही नहीं, इसका मैसेज यही जाता है कि भाजपा अंहकार में डूब चुकी है। इनके विधायक मानना ही नहीं चाहते कि ये मंत्री है। विधायकों को अंहकार है। उनको एहसास ही नहीं कि वे हार सकते हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इन आरोपों के जरिए प्रदेश सरकार के भीतर सबकुछ ठीक नहीं होने का दावा किया है। उनके इस बयान से मध्य प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक टकराव तेज होने के आसार हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के बीच गाली-गलौज और एक-दूसरे को पद से हटाने की तैयारी को लेकर जीतू पटवारी ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में संबंधित नेताओं का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *