दरभंगा

छठ पर्व के मद्देनजर घाटों की स्वच्छता में जनभागीदारी बढ़ाने हेतु जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा विशेष अभियान

 

रामजानकी मंदिर तालाब घाट पर श्रमदान एवं दीप प्रज्वलन का आयोजन

 

 

दरभंगा, दिनांक 28 अक्टूबर, 2026:- जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देश के आलोक में विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा लहेरियासराय के वार्ड संख्या-46 स्थित कबिलपुर के रामजानकी मंदिर तालाब घाट पर स्वच्छता हेतु श्रमदान, दीप प्रज्वलन एवं नमामि गंगे संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

आगामी छठ पर्व को दृष्टिगत रखते हुए घाटों की स्वच्छता में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई हेतु श्रमदान किया गया।

 

स्वच्छता कार्य के उपरांत घाट पर दीपोत्सव आयोजित कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जलस्रोतों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

 

अभियान में नमामि गंगे वॉलंटियर्स, महारानी कल्याणी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के युवा स्वयंसेवकों, स्थानीय युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

 

सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता एवं जलस्रोत संरक्षण का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम के माध्यम से “घाट स्वच्छ रखें, हमेशा स्वच्छ रखें” का संदेश देते हुए नागरिकों से छठ पर्व के दौरान एवं उसके बाद भी जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया।

 

अभियान में वॉलंटियर संजीव कुमार, साक्षी कुमारी, पूजा पासवान, आरती ज्योति, सोनाली, आदित्य सिंह, पार्थ कुमार सहित स्थानीय युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *