दरभंगा

मद्यनिषेध विभाग की तीन स्थानों पर सख्त कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार, स्कूटी से विदेशी शराब जब्त

 

शराब सेवन के आरोप में एक अन्य व्यक्ति गिरफ्तार, फरार अभियुक्त की तलाश जारी

 

दरभंगा,28 अक्टूबर, 2026 :- सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं सेवन के विरुद्ध मद्यनिषेध विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है।

 

इसी क्रम में जिले के विभिन्न चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों तथा गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध पुलिस टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बरामदगी एवं शराब सेवन के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, स्कूटी से विदेशी शराब ले जा रहा एक अभियुक्त मौके से फरार हो गया।

 

*पहली कार्रवाई: चुलाई शराब एवं विदेशी शराब के साथ एक गिरफ्तार*

 

मद्यनिषेध टीम ने खराजपुर निवासी अरुण सहनी को 20 लीटर चुलाई शराब एवं 360 मिलीलीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब को जब्त करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

*दूसरी कार्रवाई: स्कूटी से 19.500 लीटर विदेशी शराब जब्त*

 

गुप्त सूचना के आधार पर मिर्जापुर में वाहन जाँच के दौरान मद्यनिषेध पुलिस टीम ने एक दुपहिया वाहन (स्कूटी) से 19.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान संबंधित अभियुक्त मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम द्वारा फरार अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जब्त शराब के संबंध में अग्रेतर कानूनी प्रक्रिया जारी है।

 

*तीसरी कार्रवाई: शराब सेवन के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार*

 

खराजपुर चौक पर जांच के दौरान रंजीत सहनी की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर मद्यनिषेध टीम ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध लागू मद्यनिषेध कानून के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

*अवैध शराब के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी*

 

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार, परिवहन एवं सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी और वाहन जांच की जा रही है। गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध स्थानों पर निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

 

मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन तथा शराब सेवन के विरुद्ध अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *