नई दिल्ली

”छठ घाटों पर प्रकाश, सुरक्षा और सफाई में न हो कोई कोताही”, CM रेखा गुप्ता का अधिकारियों को सख्त निर्देश

डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे करने के अधिकारियों को सोमवार को निर्देश दिए। गुप्ता ने कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने एक बयान में कहा कि उन्होंने सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद यह निर्देश दिए। गुप्ता ने घाट परिसर की व्यापक साफ-सफाई, जरूरी स्थानों पर मरम्मत और रंग-रोगन कर उसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से खराब पड़े हिस्सों को अस्थायी रूप से ठीक करने के बजाय उनकी समुचित मरम्मत की जाए। बयान के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जर्जर द्वार, जंग लगे ढांचे, मरम्मत की जरूरत वाले हिस्सों, साफ-सफाई आदि को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने घाट के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दिन तक इंतजार करने के बजाय सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में बसे पूर्वांचल के लाखों परिवारों की आस्था, भावनाओं और अपनी मिट्टी से जुड़े संस्कारों का उत्सव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *