डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को प्रधानमंत्री के संबंध में कथित अपमानजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर सोमवार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए कार्य ‘लोगों को दिलों में’ दर्ज हैं जिन्हें ‘दुर्व्यवहार’ के माध्यम से मिटाया नहीं जा सकता।
गुप्ता ने यहां पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस, कांग्रेस के नेता और इनके घटक दल इतने हताश हो चुके हैं कि उन्होंने सारी सीमाएं लांघ दी हैं और यह भूल गए हैं कि व्यवहार और सभ्यता किसे कहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “वे कभी प्रधानमंत्री जी को गालियां देते हैं, कभी उनके स्वर्गीय माता-पिता तक के बारे में अपशब्द बोलते हैं।”
गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता प्यार करती है, इसलिए लोगों ने उन्हें इतने राज्यों में जिताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने इन्हें (कांग्रेस को) जिस तरह नकारा है, उसकी हताशा इनके चेहरों पर भी दिखती है और जुबान पर भी दिखती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी द्वारा किए गए विकास कार्य लोगों के दिलों में है और पूछा कि इन्हें कैसे निकालेंगे? गुप्ता ने कहा, “आप इस तरह गाली गलौज करके कुछ नहीं पाने वाले। जनता आपका दुर्व्यवहार देख रही है और आपको कभी माफ नहीं किया जा सकता है।
भारत के इतिहास में आपके यह वाक्य दर्ज हो गए हैं। लोगों के मस्तिष्क में यह दर्ज हो गए हैं।” उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा के उपयोग के बाद आने वाले चुनावों में जनता एक बार फिर कांग्रेस को इससे भी बुरी और करारी हार देगी। बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित एक समारोह को रविवार को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा था कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को अंजाम देने में शामिल लोगों को जेल भेजेगी। इस दौरान दर्शकों में से एक सदस्य ने खरगे के भाषण को बीच में ही रोक दिया और चिल्लाकर कहा, ”मोदी कहीं नहीं जाएंगे।” इस पर खरगे ने मंच से जवाब दिया, “मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।” खरगे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के कथित अपमान को लेकर भाजपा ने सोमवार को कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया।


