दरभंगा

28 अक्टूबर को होगा 30वाँ जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन

समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं में युवा दिखाएंगे प्रतिभा

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर, शाम 5 बजे तक

 

 

दरभंगा, 22 अक्टूबर 2026: – जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने बताया कि जिले के युवाओं की कला एवं संस्कृति से जुड़ी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से *30वाँ जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026* का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 को प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, लहेरियासराय, दरभंगा में किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों तथा संस्थानों के पात्र युवा भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

 

उन्होंने कहा कि उत्सव के तहत समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। नुक्कड़ नाटक का विषय *‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’* निर्धारित किया गया है।

 

*प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित नियम एवं समय-सीमा*

 

उन्होंने कहा कि समूह लोक नृत्य एवं समूह लोकगीत के लिए प्रत्येक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल होंगे। इनमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिकतम 7 कलाकार तथा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 3 सहयोगी कलाकार शामिल हो सकेंगे। प्रस्तुति के लिए 5 से 8 मिनट का समय निर्धारित है। समूह लोक नृत्य में रिकॉर्डेड संगीत की अनुमति नहीं होगी।

 

इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक के लिए प्रत्येक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। प्रस्तुति के लिए अधिकतम 7 मिनट का समय निर्धारित है।

 

जबकि कविता लेखन के लिए कविता की अधिकतम शब्द सीमा 500 शब्द होगी तथा लेखन के लिए डेढ़ घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

 

उन्होंने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी।

 

*आयु सीमा एवं आवेदन की प्रक्रिया*

 

उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों के अनुसार, प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। पात्रता के लिए प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त 2026 तक 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि इच्छुक प्रतिभागी अपना आवेदन *24 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक* जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, लहेरियासराय, दरभंगा में जमा कर सकते हैं।

 

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने जिले के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन जमा कर युवा उत्सव में भाग लें तथा अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *