जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश मतदान केंद्रों पर निरंतर वीडियोग्राफी कराने पर जोर
दरभंगा, 22 अक्टूबर 2026:- बिहार विधान परिषद निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान की तैयारियों को लेकर आज प्रेक्षागृह, दरभंगा में मतदान दल, माइक्रो प्रेक्षक, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से संध्या 4:00 बजे तक मतदान निर्धारित है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने को कहा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी मतदाता मोबाइल फोन एवं कलम लेकर मतदान कक्ष में प्रवेश नहीं करेगा।
मतदाता को मतदान कक्ष में प्रवेश से पहले निर्धारित व्यवस्था के तहत अपना मोबाइल फोन एवं कलम मतदान केंद्र पर प्रतिनियुक्त कर्मियों के पास जमा करना होगा।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मतदान प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतपेटिका के सुरक्षित परिवहन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान दल मतपेटिका लेकर जाते समय रास्ते में किसी भी रेस्टोरेंट, दुकान अथवा ढाबे पर नहीं रुकेंगे।
मतपेटिका की सुरक्षा एवं निर्धारित गंतव्य तक समय पर पहुंचाना संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 75 मतदान केंद्र बनाए गए हैं तथा सभी मतदान केंद्रों के लिए मतपेटिका भेजी गई है। सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान कराना सुनिश्चित किया जाए। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को निर्धारित संग्रहण स्थल तक सुरक्षित पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई मतदाता बार-बार मतदान केंद्र पर आता है अथवा उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हैं, तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उस पर सतर्कतापूर्वक नजर बनाए रखें तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी मतदाता के रूप में मतदान करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर लगातार वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान की प्रत्येक आवश्यक गतिविधि पर निगरानी रखी जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि वीडियोग्राफी के दौरान मतदान की गोपनीयता किसी भी परिस्थिति में भंग न हो।
उन्होंने माइक्रो प्रेक्षकों, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदान प्रक्रिया की निगरानी करने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान संपन्न होने के बाद चारों जिलों से संबंधित मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लहेरियासराय स्थित नया खेल भवन परिसर में, जिला अतिथिगृह के निकट बनाए गए निर्धारित संग्रहण स्थल पर जमा कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मतपेटिकाओं के सुरक्षित परिवहन, प्राप्ति एवं जमा कराने की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जल रड्डी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन के दौरान पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने वाहनों के चालकों को निर्धारित रूट एवं मार्ग व्यवस्था की समुचित जानकारी देने पर बल दिया, ताकि मतदान दल एवं निर्वाचन सामग्री का परिवहन सुचारू रूप से हो सके।
उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर मुस्तैद रहने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
ब्रीफिंग के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने तथा आपसी समन्वय के साथ मतदान कार्य संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
उक्त ब्रीफिंग में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार चौधरी, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुश्री साक्षी कुमारी, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री रोहित कुमार, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।


