डेस्क: ब्लैक सी में कमर्शियल जहाजों (Commercial Vessels) की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रोमानिया (Romania) के जलक्षेत्र में खड़े एक कमर्शियल टैंकर (Commercial tanker) में बुधवार देर रात अचानक आग (Fire) लग गई। घटना के बाद जहाज पर मौजूद क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रोमानियाई अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना ऐसे समय हुई है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े हमलों के कारण ब्लैक सी में व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ रहा है।
रोमानिया की नेवल अथॉरिटी ने बताया कि उसे कोमोरोस के झंडे वाले केमिकल और ऑयल टैंकर ‘यारा जे’ (Yara J) में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद जहाज के क्रू को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रोमानिया के रक्षा मंत्री राडू मिरुटा ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जहाज पर ड्रोन से हमला हुआ था या नहीं। मामले की जांच जारी है।
अक्टूबर से अब तक पांच कमर्शियल जहाजों को बनाया गया निशाना
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत से NATO सदस्य देशों रोमानिया और बुल्गारिया के तटों के पास ब्लैक सी में पांच कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाया जा चुका है। इन घटनाओं में करीब 23 नाविकों की मौत होने या उनके लापता होने की जानकारी सामने आई है।
इन घटनाओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ब्लैक सी में व्यापारिक जहाजों के सामने बढ़ते सुरक्षा जोखिम को उजागर किया है। ड्रोन हमलों की आशंका के चलते समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
बुल्गारिया के तट के पास भी दो जहाजों पर हमले
इससे कुछ दिन पहले बुल्गारिया के तट के पास ब्लैक सी में दो जहाजों को ड्रोन से निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी। बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव के अनुसार, इनमें से एक जहाज पूरी तरह डूब गया, जबकि दूसरे को तीन ड्रोन हमलों में नुकसान पहुंचा।
प्रधानमंत्री रादेव ने बताया कि यूक्रेन के स्वामित्व वाला जहाज ‘चेल्सी 3’ माल्टा के झंडे के तहत समुद्र में चल रहा था। बुल्गारिया के तट से करीब 18 नॉटिकल मील यानी लगभग 33 किलोमीटर दूर रात के समय उस पर तीन ड्रोन से हमला किया गया।
रोमानिया के पास टैंकर में आग लगने की घटना और बुल्गारिया के तट के पास जहाजों पर हुए हमलों के बाद ब्लैक सी में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि, ‘यारा जे’ में आग लगने के कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और ड्रोन हमले की आशंका की जांच जारी है।


