अंतरराष्ट्रीय

US : ओरेगन के स्कूल में खूनी खेल, 3 मासूम बच्चों और एक टीचर की मौत, जवाबी कार्रवाई में हमलावर ढेर

डेस्क: अमेरिका (USA) के ओरेगन (Oregon) राज्य के बेंड शहर में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल (school) में गोलीबारी (Firing) हुई. पुलिस ने बताया कि इस हमले में चार बच्चों और एक टीचर की मौत हो गई. एक बच्चा और एक अन्य शिक्षक घायल हुए हैं. पुलिस ने बताया कि 16 साल के संदिग्ध हमलावर को एक स्थानीय व्यक्ति ने गोली मारी, जिससे उसकी मौत हो गई.
यह घटना सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे हुई. गोलीबारी के बाद पुलिस और इमरजेंसी सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं. हमले के पीछे की वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

बेंड पुलिस विभाग ने बताया कि सबसे पहले इमरजेंसी कॉल में सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति ने स्कूल के पास एक कार पर गोलियां चलाई हैं. इसके कुछ ही देर बाद कई कॉल आईं, जिनमें बताया गया कि एक व्यक्ति स्कूल के अंदर घुसकर गोलीबारी कर रहा है.
पुलिस अधिकारी कुछ ही सेकंड में मौके पर पहुंच गए. वहां संदिग्ध हमलावर गोली लगने से मृत मिला. पुलिस प्रमुख माइक क्रांट्ज ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति किशोर हमलावर के पीछे स्कूल के अंदर गया और उससे गोलीबारी के दौरान भिड़ गया. इसी दौरान हमलावर की मौत हो गई. CNN ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारे गए बच्चों की उम्र पांच, आठ और 11 साल बताई गई है. चौथे बच्चे की उम्र की जानकारी सामने नहीं आई है. हमले में एक शिक्षक की भी मौत हुई है. एक सात साल का बच्चा और एक अन्य शिक्षक घायल हुए हैं. दोनों को अस्पताल ले जाया गया. दरअसल, सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में किंडरगार्टन से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई होती है. स्कूल में करीब 450 छात्र और 40 कर्मचारी हैं.
स्कूल में लॉकडाउन, चर्च में परिवारों के जुटने की व्यवस्था
गोलीबारी के बाद स्कूल को लॉकडाउन कर दिया गया. अधिकारियों ने पास के एक चर्च में छात्रों और उनके परिवारों को मिलाने के लिए केंद्र बनाया. बाद में छात्रों और स्कूल कर्मचारियों को लेकर बसें वहां पहुंचीं. स्कूल जिले ने घोषणा की कि शुक्रवार को बेंड-ला पाइन स्कूलों के सभी स्कूल बंद रहेंगे. इस दौरान अन्य गतिविधियां और खेल आयोजन भी नहीं होंगे.
अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी FBI ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों की जांच में मदद कर रही है. FBI निदेशक काश पटेल ने बताया कि एजेंसी के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और जांच के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे. ओरेगन की गवर्नर टीना कोटेक ने घटना पर दुख जताया. उन्होंने लोगों से प्रभावित परिवारों और समुदाय के साथ खड़े होने की अपील की. स्कूल जिले के अधीक्षक स्टीवन कुक ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घटना को दुखद बताया.
बेंड के पूर्व मेयर जेफ ईगर ने कहा कि गोलीबारी से स्थानीय समुदाय सदमे में है. अमेरिकी सीनेटर रॉन वाइडन ने भी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन जताया और बंदूक हिंसा पर कार्रवाई की जरूरत दोहराई. पुलिस के मुताबिक, हमले की वजह, पीड़ितों की पहचान और घटनाक्रम के दूसरे पहलुओं की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *