निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा, निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का दिया निर्देश
दरभंगा, 14 अक्टूबर 2026:-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज हनुमाननगर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री रविंद्र कुमार रवि एवं उपस्थित संवेदक को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य की प्रगति पर सतत नजर बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी, हनुमाननगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, हनुमाननगर, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री रविंद्र कुमार रवि, सहायक अभियंता, भवन निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


