उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश : रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर विवाद, चली गोलियां, तीन लोगों की मौत

डेस्क: पीलीभीत में रामलीला मेले की आय और व्यय के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, अमरिया क्षेत्र में सोमवार शाम हुई इस घटना के सिलसिले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने बताया कि पिछले साल की मेला समिति के पदाधिकारी अंकित गुप्ता ने सोमवार शाम समिति के एक सदस्य के घर पर बैठक बुलाई थी जिसमें पिछले वर्ष के आय-व्यय की समीक्षा करने और नई समिति के गठन पर चर्चा होनी थी।

पुलिस के अनुसार अमरिया कस्बे का निवासी कौशल गुप्ता इस बार मेला समिति में कोई पद हासिल करना चाहता था और बैठक के दौरान उसने वित्तीय हिसाब-किताब पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उसने बताया कि अंकित और उनके साथी कुणाल श्रीवास्तव ने उसके व्यवहार पर आपत्ति जताई और उसे शांत रहने को कहा। उन्होंने समझाया कि सभी खर्चों का हिसाब रखा जा रहा है और बेवजह हंगामा न करने को कहा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (जहानाबाद) नताशा गोयल ने बताया कि इसके बाद दोनों गुटों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कौशल गुप्ता और उसके साथियों ने गोलीबारी कर दी। उन्होंने बताया कि अंकित गुप्ता और कुणाल श्रीवास्तव की छाती में गोली लगी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गोयल ने बताया कि गोलीबारी के बाद घायल मोहित और रोहित की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरेली के अस्पताल में भेज दिया गया जहां उपचार के दौरान मोहित ने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अब तक मृतकों के परिजनों की ओर से अमरिया थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *