डेस्क : बैंकॉक से कुआलालंपुर होते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डा पहुंचे एक यात्री को सीमा शुल्क अधिकारियों ने मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में हिरासत में ले लिया और उसके पास से 13.34 किलोग्राम संदिग्ध ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ बरामद किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
‘हाइड्रोपोनिक वीड’ गांजे की तेज असर वाली किस्म है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर यात्री को चार अक्टूबर को रोककर पूछताछ की गई थी। बयान में कहा गया कि यात्री के सामान और उसकी तलाशी के दौरान हरे रंग के पदार्थ वाले 10 पैकेट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह पदार्थ ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ या पाया गया।
बयान के मुताबिक, पैकिंग सामग्री सहित लगभग 13.34 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 और सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। बयान में कहा गया कि यात्री को हिरासत में लेकर सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


